Showing posts with label दास्तान-ए-हिंदुस्तान. Show all posts
Showing posts with label दास्तान-ए-हिंदुस्तान. Show all posts

Saturday, 17 June 2017

लद्दाख.. यानि ठण्डे मरुस्थल का सफर...

"


इस आठ जून की सुबह को जब हमारे कदम लद्दाख के रिनपोछे हवाई अड्डे पर पड़े तो हम दिल्ली के साथ-साथ उसकी गर्मी को भी पीछे छोड़ ही चुके थे। यहीं नहीं, राजधानी की चौड़ी सपाट सड़को को, दोनों तरफ दिखती सीमेंट की इमारतों को और सड़को पर दौड़ते वाहनों से उठते धुंए को भी बहुत पीछे छोड़ आए थ। सामने थे कत्थई पहाड़ और उन पर अठखेलियां करते बादल, बलखाती पगडंडीनुमा सड़कें और शांत, सुरम्य वातावरण।  


जैसा कि निर्देशित था, पहले दिन होटल में आराम करने और स्थानीय बाज़ार की सैर करने के बाद दूसरे दिन जब हम घूमने निकले तो हमारा पहला पड़ाव था लामायुरू मॉनेस्ट्री। जो लेह से लगभग 120 किमी दूरी पर, लेह-श्रीनगर हाइवे पर स्थित है। यह राष्ट्रीय राजमार्ग एक (NH-1) है। बलखाती सड़क के एक तरफ सुनहरे, पीले और भूरे पहाड़ों के दर्शन हो रहे थे तो दूसरी तरफ थी बलखाती सिन्धु (Indus) नदी। जहां सूरज की रौशनी पड़ रही थी वहां से उजले, जहां छाया थी वहां से धुंधले और चोटियों पर धवल छटा.. पहाड़ों के इतने रंग थे मानों किसी चित्रकार की बनाई तस्वीर हो।

सिन्धु और झंस्कार नदी का संगम
हम दोनों तरफ के सुंदर नज़ारों का आनंद लेते हुए सफर कर रहे थे कि ड्राइवर ने लेह से लगभग 30 किलोमीटर दूरी पर गाड़ी रोककर हमें उतरने को कहा। गाड़ी से उतरकर नीचे घाटी की तरफ झांका तो नज़ारा दर्शनीय था। दो अलग-अलग नदियों का संगम। नीचे सिन्धु नदी और झंस्कार (Zanskar) नदी मिलते हुए साफ दिख रहीं थीं।  इन दोनों नदियों के जल का रंग भी बिल्कुल अलग था और फ़ितरत भी। एक नदीं बिल्कुल शांत थी तो दूसरी अविकल बहती.. वाचाल, चंचल...। 

मूनलैंड पहाडियां
लेह से लगभग 100 किमी पहले राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या एक पर एक छोटा सा गांव पड़ता है लामायुरू। यहीं पर स्थित हैं मूनलैंड पहाड़ियां। इन पहाड़ियों की विशेषता यह हैं कि इनकी संरचना बिल्कुल चांद पर पाई जाने वाली पहाड़ियों जैसी हैं। यहां का तापमान भी काफी कम रहता है। 



यहीं मूनलैंड पहाड़ियों से कुछ किलोमीटर आगे लेह की सबसे पुरानी मॉनेस्ट्री है- लामायुरू मॉनेस्ट्री। पहाड़ी पर बसी यह गोम्पा मॉनेस्ट्री बेहद शांत, सादगीपूर्ण और खूबसूरत हैं जहां से पूरे गांव का नज़ारा लिया जा सकता है। लामायुरू में हर साल दो बार लेह के प्रसिद्ध मास्क फेस्टिवल्स आयोजित किए जाते हैं। कहते हैं कि यह मॉनेस्ट्री लगभग 400  बुद्ध सन्यासियों का घर रही है। 


इस मॉनेस्ट्री में शाक्यमुनि बुद्ध की वृहद् मूर्ति हैं। दोनों तरफ की दीवारों में छत तक ऊंची लकड़ी और शीशे की अल्मारियों में लाल और सुनहरे कपड़ों में लिपटे धार्मिक ग्रंथ रखे हुए हैं। 


यहां आने के लिए 15 साल से ऊपर के लोगों का 50 रुपए का टिकिट तो लगता है लेकिन परेशानी यह हैं कि  यहां आपको इस मॉनेस्ट्री, यहां की संस्कृति और तमाम धार्मिक दस्तावेज़ो वगैरह के बारे में विस्तार से बताने वाला कोई गाइड उपलब्ध नहीं है। जानकारी के नाम पर केवल एक साइन बोर्ड इस मॉनेस्ट्री के दरवाज़े पर लगा हुआ है। अगर आप बुद्ध धर्म से सम्बन्ध नहीं रखते तो आपको इस प्राचीन मॉनेस्ट्री की विशेषता या धार्मिक महत्व का अंदाज़ा शायद ना हो पाए लेकिन फ़िर भी एक पर्यटक के तौर पर आप यहां की दीवारों पर की गई रंग-बिरंगी खूबसरत चित्रकारी और चटकीली साज सज्जा का आनंद उठा सकते हैं। यहां के माहौल में बसी शांति और पवित्रता को महसूस कर सकते हैं जो आपको किसी दूसरी ही दुनिया में आने का अहसास कराती है। यहां की अलीची मॉनेस्ट्री भी काफी प्रसिद्ध है। 

खरदूंगला के रास्ते पर
 लद्दाख शब्द में ला (La) का मतलब होता है पास यानि रास्ता और दाख (Dakh) का मतलब होता है भूमि। लद्दाख, ऊंचे पासेज यानि ऊंचे रास्तों की भूमि को कहा जाता है। तो 10 जून को हमारा पड़ाव था, लेह से चालीस किलोमीटर सड़क दूरी पर स्थित विश्व का सबसे ऊंचा मोटरेबल पास- 'खरदूंगला'। समुद्र तल से 18,380 किमी ऊंचाई पर स्थित इस पास पर पहुंचना किसी एडवेंचर से कम नहीं है। लगभग 15,000 फीट तक बंजर पहाड़ मिलते हैं और फ़िर शुरू होती हैं कहीं-कहीं सफेद बर्फ से ढकी पहाड़ियां। 17.00 फीट की ऊंचाई तक पहुंचते-पहुंचते आपको हर तरफ हिमआच्छादित, शुभ्र वर्ण के पर्वत दिखने लगते हैं। हिमपात यहां आम है। बर्फीला तूफान या भूस्खलन कभी भी हो सकता है। सड़के संकरी तो हैं ही साथ ही फिसलन भरी हुई भी। यहां पर ऑक्सीजन का स्तर भी काफी कम है। लेकिन अगर आप अपने साथ एक ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर चले हैं और जोखिम उठाने को तैयार होकर आए हैं तो इस रास्ते और मंज़िल का भरपूर आनंद उठाया जा सकता है। 




खरदूंगला शिखर पर पहुंचना एक अलग आनंद का अहसास कराता है। हर तरफ बर्फ की सफेद चादर, अगर रंग हैं तो बस, आपके कपड़ों, गाडियों, साइन बोर्ड्स और यहां जगह-जगह पर लगे पवित्र रंगीन बंदनवारों का रंग। किसी की तबीयत खराब होने की स्थिति में आप यहां स्थित आर्मी की डिस्पेन्सरी में जा कर चिकित्सकीय सहायता ले सकते हैं। यहां विश्व का सबसे ऊंचा कैफेटेरिया भी है जहां हमने चाय, मैगी और मोमोज़ का स्वाद लिया। खरदूंगला के माइनस 10 डिग्री तापमान में चौबीसों घंटे यहां रहने वाले फौजियों के आराध्य हैं भगवान शिव, जिनका यहां एक छोटा सा मंदिर भी है। 


पैंगगॉन्ग झील
लद्दाख का सबसे मनोरम स्थल है समुद्र तल से 14,270 फीट की ऊंचाई पर स्थित पैन्गॉन्ग सो (Pangong Tso) झील। तिब्बती भाषा के इस नाम का मतलब होता है "हाई ग्रासलैंड झील"। लेह से डेढ़ सौ किमी दूर स्थित इस सुंदर झील तक पहुंचने के लिए लगभग 5 घंटे का सफर तय करना पड़ता है। रास्ते में पड़ता है लद्दाख का तीसरा सबसे ऊंचा पास 'चांगला'। चांगला तक ऊपर बर्फीले पहाड़ चढ़ने के बाद जब हम नीचे उतरते हैं तो रास्ता बंजर पहाड़ों और पथरीली भूमि से भरा हुआ है। यहां आर्मी का बेस कैम्प भी है। जगह-जगह आर्मी के बकंर्स नज़र आते हैं। चूंकि यह झील भारत-चीन की एक्चुअल लाइन ऑफ कंट्रोल पर है, यहां तक पहुंचने के लिए आपको इनर लाइन परमिट (ILP) लेने की ज़रूरत होती है। 140 किमी लम्बी इस झील का 40 किमी हिस्सा भारत में पड़ता है और बाकी 100 किमी चीन में। रास्ता लम्बा ज़रूर है लेकिन बोरिंग बिल्कुल नहीं। शे और ग्या जैसे गांवो से गुज़रकर और पागल नाला पार करके जब हम इस झील तक पहुंचते हैं, तो यकीन मानिए सारी थकान इसकी एक झलक से ही मिट जाती है। इस झील पर प्रकृति ने जमकर खूबसूरती लुटाई है। पानी का रंग नीला है, बिल्कुल फिल्मों में दिखने वाली झीलों की तरह; वातावरण नि:शब्द है और सुंदरता, बेदाग।  



मैंने अभी कहा था ना कि पैन्गॉन्ग लेक का रास्ता लम्बा ज़रूर है लेकिन बोरिंग बिल्कुल नहीं। लम्बे सफर की उदासीनता को मिटाने का काम प्राकृतिक सुन्दरता ही नहीं करती बल्कि रास्ते पर जगह-जगह लगे बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन के रोड साइन्स की भी इसमें अहम् भूमिका है। लद्दाख, मिलिट्री के हिसाब से काफी संवेदनशीन इलाका है क्योंकि यह सियाचिन, कारगिल और द्रास इलाकों को जोड़ता हैं। यहां ठंडे, सख्त, फौलादी पहाड़ों को काटकर उसमें से सड़के निकालने का काम करती है बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (बीआरओ)। बर्फीली, बलखाती सड़कों पर यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनज़र बीआरओ के चेतावनी बोर्ड लगे हैं जिनको पढ़ने का अपना अलग मज़ा हैं। इनमें फनी वनलाइनर्स लिखे गए हैं जो आपको सुरक्षित चलने का अहसास दिलाने के साथ-साथ आपके होंठों पर मुस्कुराट भी लाते हैं।


शांति स्तूप
प्राकृतिक दर्शनीय स्थानों और प्राचीन मॉनेस्ट्रीज़ के अलावा लद्दाख में कुछ कदरन आधुनिक मानव निर्मित स्थल भी हैं, जिनमें प्रमुख हैं पूरे विश्व को शांति का संदेश देता शांति स्तूप और मिलिट्री द्वारा बनाया गया सेना प्रदर्शनी स्थल, हॉल ऑफ फेम। 

हॉल ऑफ फेम
  यहां सेना के उपकरणों, परिधानों और विभिन्न सैन्य अभियानों की ऐतिहासिक तस्वीरों को लोगों के लिए प्रदर्शित किया गया है। यहां आकर आपको अपनी सेना के कठिन परिश्रम और अदम्य साहस के बारे में पता चलता है, गर्व का अहसास होता हैं। 


यहां की सबसे अमूल्य धरोहर है राजपूताना राइफल्स के युवा कैप्टन विजयंत थापर द्वारा कारगिल युद्ध में शहीद होने से पूर्व अपने पिता को लिखा गया पत्र। कैप्टन विजयंत केवल 22 साल की छोटी सी उम्र में शहीद हो गए थे। उनके इस पत्र के साथ ही उनके पिता का जवाब भी संलग्न है। इसके बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता, इसे पढ़कर ही आप इसके भावों के महसूस कर सकते हैं। यहां कुछ पाकिस्तानी सैनिकों से मिले पत्र भी हैं जो उन्होंने अपने परिवारजनों को लिखे थे। अगर यहां जाएं तो उन्हें भी ज़रूर पढ़ें।



बाकी अगर आप लद्दाख जा रहे हैं तो लेह पैलेस देखें, मैग्नेटिक हिल देखें, ड्रुक पद्मा स्कूल या रैंचो स्कूल देखें जहां थ्री इडियट्स फिल्म की शूटिंग हुई थी। यहां का वुड अवन पिट्ज़ा और स्थानीय पकवान थुप्का ज़रूर खाएं। ढेर सारे गर्म कपड़े, खूब सारा समय और बहुत सारा साहस लेकर जाईए। मिलिट्री के लोगों से मिलिए, हिमआच्छादित शैलमालाओं को निहारिए...। 

लद्दाख के ठंडे मरुस्थल का सफर आपको प्रकृति की ताकत का भी अहसास दिलाएगा, विविधता का भी और प्रकृति द्वारा निर्मित मानवों की इच्छा शक्ति का भी जो इन बंजर पहाड़ों को छूने और महसूस करने की तमन्ना में यहां तक आते हैं और बहुत सी अच्छी यादें साथ ले जाते हैं। 
'जुले'

Wednesday, 28 December 2016

भारत कैश से लैस हुआ तो लुप्त हो जाएंगी यह कलाएं, रीतियां और रस्म-ओ-रिवाज़

मोदी जी का क्या है, बड़ी बेफिक्री से नवम्बर की एक रात नेशनल चैनल पर नुमायां हो गए और जारी कर दिया 500 और 1000 के नोटों के रद्दी हो जाने का ऐलान। पूरा देश सन्न... यह क्या कर गए प्रधानमंत्री जी। कमाल की बात यह है कि पूरा का पूरा 9 नवम्बर का दिन निकल गया, न एक भी विपक्षी दल का बयान आया और ना किसी न्यूज़ एंकर को इस फैसले के विरुद्ध बोलते सुना गया। भई सद्मे से उबरने में वक्त तो लगता है ना...।

लोगों को लगा था कोई नहीं, यह नोट जा रहे हैं तो क्या नए आ जाएंगे, और कुछ दिनों में नए नोटो से वहीं पुराना खेल, पुरानी आदतें शुरू कर देंगे। गृहणियां जिनका सालों का जमा धन एक ऐलान के झटके में निकल गया, सोच रही थीं कि उनकी कला तो ज़िन्दा है, नोट फिर जमा कर लेंगी। लेकिन हाय रे मोदी जी के मन की बात ना जानी उन्होंने..। प्रधानमंत्री जी तो कैश से लैस इकोनॉमी लागू करने की मंशा रखते हैं।

यह तुगलकी फरमान जारी करने से पहले ज़रा सोच तो लिया होता प्रधानमंत्री जी कि जो कैश ही ना रहा तो हिन्दुस्तान की संस्कृति में रची-बसी बहुत सी कलाएं और रस्म-ओ-रिवाज़ तो लुप्त ही हो जाएंगे। आपके तो आगे-पीछे कोई है नहीं, ना ही आपको 'दुनियादारी' निभानी है और ना ही 'व्यावहारिकता' से कोई मतलब है जो दोनों चीज़े ही हिन्दुस्तान में बिना कैश मुमकिन नहीं।  कुछ-एक नए रचनात्मक कारोबारों के बारे में भी सोच लिया होता जो बन्द हो सकते हैं।

आपको क्या मालूम प्रधानमंत्री जी कि यह जो रुपया है ना वो  'लिक्विड मनी' जैसी टर्मिनोलॉजी से कहीं ऊपर की चीज़ है। यह कैश हर भारतीय की दिनचर्या, रस्मो-रिवाज़ों, कलाओं और संस्कृति में बिल्कुल उस तरह रचा-बसा है जैसे कि हर सुबह उठकर ब्रश करने की आदत। और अगर भारतीय कैश से लेस हो जाएंगे तो भारतीयता का रंग भी बदल जाएगा। 

-सबसे खराब असर होगा हिन्दुस्तान की बेहद खर्चीली, शाही शादियों पर जिनकी बहुत सारी रीतें केवल कैश पर ही टिकी हैं। बारातों की  तो रौनक ही चली जाएगी। ना तो मुंह में नोट दबाकर नागिन डांस करने की कला जीवित रहेगी और ना नाचते बारातियों पर नोट लुटाने का मज़ा रह जाएगा। 

लेडीज़ संगीत के दौरान बहुओं पर 500 के नोट वारने वाली बुआएं और चाचियां भूतकाल की बात बन कर रह जाएंगी।

 विदा होकर जा रही बेटी की कार के पीछे सिक्के उछालने की रीत भी कल की बात हो जाएगी। 

बनिया शादियों में एक रीत होती है जबकि फेरों के समय दुल्हन ससुर जी द्वारा बनाई गई एक थैली में से जीजाजी के लिए मुट्ठी भर कर नोट या सिक्के निकालती है, अब उस रस्म के भी विदा होने का समय है। 

सबसे खेद का विषय होगा उन 'वुड बी' दूल्हों के लिए जिन्होंने अपने बड़े भाईयों और रिश्तेदारों को बड़ी उमंग से 100 और 500 के नोटों से बनी मालाएं पहनाईं थी और खुद ऐसी ही माला एक दिन पहनने का अरमान दिल में सजाया था, और अब उनका वो अरमान कभी पूरा नहीं हो पाएगा। 

- लोगों को एक दूसरे को लिफाफे देने की कला भी दम तोड़ देगी। उन कलाकारों का क्या होगा जो बड़ी तफ्सील से शादियों और अन्य समारोहों में देने के लिए सुंदर सजावटी लिफाफे तैयार करते हैं जिनमें रखकर रुपयों का आदान प्रदान हो सके। जब रुपए ही नहीं रहेगें तो सजावटी लिफाफों का कारोबार तो ठप्प समझिए। 

- हर भारतीय की आदतों में शुमार पूजा-पाठ पर भी बहुत असर पड़ने वाला है। अब आरती में चढ़ावे के रूप में चढ़ाने के लिए रुपए नहीं होंगे। नवरात्रों में कन्याएं पूजे जाते वक्त जजमान हाथ में मोबाइल लेकर एक-एक कन्या-लांगुर के पास जाएंगे और सबसे उनके पेटीएम अकाउंट की डीटेल लेते हुए एक-एक करके सब के खातों में 10-10 या बीस-बीस रुपए ट्रांसफर करते जाएंगे और साथ ही हर कन्या को हलवा चने भी पकड़ाते जाएंगे। 

-और ज़रा कल्पना कीजिए भारत के भिखारी कौम के भविष्य की। अब तो उन्हें भीख मांगने के लिए मोबाइल के साथ पेटीएम एकाउन्ट रखना पड़ेगा। क्या नज़ारा होगा वो भी जबकि चौराहों पर छोटे-छोटे बच्चे, दिव्यांग भिखारी और दुधमुंहे बच्चों को कमर में दबाएं महिलाएं आती-जाती कारों के शीशे खटखटाएंगे और हाथ में पकड़े मोबाइल के पेटीएम एकाउन्ट में भीख के पैसे ट्रांसफर करने को कहेंगे। जब मन्दिरों के बाहर बैठे हर भिखारी के हाथ में मोबाइल होगा और वो हर आने जाने वाले से अपने मोबाइल के मोबीक्यू वॉलेट में पैसे ट्रांसफर करने की गुहार करेंगे। 

-शनिवार को डिब्बे में तेल डालकर घूमते बच्चों को भी शनिदेव के लिए पैसे नहीं मनी ट्रांसफर लेकर गुज़ारा करना पड़ेगा। 

-सोना तो पहले ही बैंको के लॉकरों में पहुंच गया है, अब अगर रुपया भी नहीं रहा तो तिजोरियों का कारोबार भी बुरी तरह से प्रभावित होगा। लोग तिजोरियां खरीदना हो छोड़ देंगे या फिर काफी कम कर देंगे। 

यह तो केवल छोटे से उदाहरण भर है लेकिन सच तो यह है कि कैश नहीं रहा तो भारत के त्योहारों और उत्सवों की रौनक भी नहींं रहेगी, ना मंदिरों की, ना डांस बारों की, ना शादियों की, ना जागरणों की। क्या मज़ा ऐसे गणेश उत्सवों और जुलूसों का जहां मूर्तियों पर नोटों की बारिश ना हो। कैसे होंगे वो मंदिर जिनके प्रांगणों से कैश बॉक्स गायब हो जाएंगे। सरकारी दफ्तरों में काम करवाने के लिए फाइलों पर भार रखवाना क्या बन्द हो जाएगा? मायावती कैसे नोटों की माला पहनेगी?... माताजी एवं पिताजी, आप लोग तो खासतौर पर कमर कस लीजिए। बच्चों के जेबखर्च के लिए भी मोबाइल की ज़रूरत आने वाली है..।


Monday, 19 December 2016

क्या आपने बन्ना-बन्नी, लांगुरिया और खेल के गीतों का मज़ा लिया है. लेडीज़ संगीत का मतलब केवल डीजे पर डांस करना नहीं है..



आजकल शादियों में लेडीज़ संगीत के नाम पर जो डीजे लगा दिया जाता है और सब लोग अपनी पसंद के गाने चुन-चुन कर उस पर डांस कर लेते हैं, वो तो संगीत है ही नहीं जनाब। लेडीज़ संगीत का असली मज़ा तो ढोलक की थाप पर सुर लेते बन्ने बन्नी, लागुंरिया, खेल और गालियों से भरे गानों में आता है। यकीन मानिए आप कितने भी अपमार्केट होने का दावा कर लें, पहले से रिहर्सल कर के डीजे के गानों पर डांस कर लें, लेकिन जब तक इन देसी लोकगीतों का मज़ा नहीं लेगें, लेडीज़ संगीत का मज़ा पूरा नहीं होगा। इन गानों में इतना अपनापन है, इतनी आम बोलचाल की भाषा और मज़ेदार छेड़खानियां हैं कि आप एक बार इन्हें सुनेंगे तो वाह-वाही किए बगैर नहीं रह पाएंगे।

इन गानों की खासियत है इनमें सारे नातेदारों और रस्मों को शामिल किया जाना और इनके चुटीले बोल। जैसे कि आपस में गॉसिप करते हुए एक दूसरे से छेड़छाड़ की जा रही हो। शादी के खुशनुमा माहौल में दूल्हा-दुल्हन यानि बन्ना-बन्नी से लेकर, समधी -समधन, चाचियां, मामियां, ताईयां, भाभियां, देवर, देवरानियां, जेठ- जेठानियां.. किसी को भी इन गानों में बख्शा नहीं जाता। सबका तसल्ली से मज़ाक बनाया जाता है, चुहलबाज़ियां की जाती हैं,  लच्छेदार बातों को लपेट लपेट कर, रचनात्मक मुखड़ों के साथ, ढोलक की थाप पर जब रिश्तेदारों को परोसा जाता है तो दिल-दिमाग सब खुश हो जाते हैं। बातें होती हैं मज़ाक की, और मज़ाक मज़ाक में जमकर एक दूसरे की खिंचाई की जाती है। लड़की वाले अपनी बन्नों की तरफदारी करते हुए समधियों की टांग खींचते हैं तो लड़के वाले भी कहीं पीछे नहीं रहते।

एक बानगी देखिए, खास लड़की वालों की तरफ से..

कल रात बन्नी के घर चोरी हुई, इस चोरी में बन्नी का क्या क्या गया..
इस चोरी में बन्नी की सासु गई, चलो अच्छा हुआ घर का कूड़ा गया,
कल रात बन्नी के...
इस चोरी में बन्नी की जिठनी गई, चलो अच्छा हुआ, घर का हिस्सा गया।
कल रात बन्नी के घर...
इस चोरी में बन्नी का देवर गया, चलो अच्छा हुआ घर का लोफर गया।
कल रात बन्नी के..
इस चोरी में बन्नी का जीजा गया, चलो अच्छा हुआ घर का हिटलर गया...।


अब लड़के वालों का क्या जवाब होगा...। वो भी सुन लीजिए..

मोहे तो आवे हिचकी, मेरा दिल तोड़े हिचकी..
.छज्जे छज्जे मैं गई, मुछे मिला कुछ जूस,
मेरे बन्ने को सास मिली है, सब दुनिया में खड़ूस।
मोहे तो आवे हिचकी...
छज्जे छज्जे मैं गई, मुझे मिला जासूस।
मेरे बन्ने को ससुर मिला, सब दुनिया में कंजूस।
मोहे तो आवे हिचकी..
छज्जे छज्जे मैं गई, मुझे मिला एक दाना।
मेरे बन्ने को साला मिला है, सब दुनिया में सयाना।
मोहे तो आवे हिचकी...।
छज्जे छज्जे मैं गई मुझे मिली एक नाली,
मेरे बन्ने को साली मिली है, सब दुनिया में काली...।
मोहे तो आवे हिचकी....

मतलब कमी किसी की तरफ से नहीं रहती। सब मिलकर एक दूसरे का मज़ाक उड़ाते हैं और उड़वाते हैं, बुरा भी कोई नहीं मानता, बल्कि असलियत में ये गाने दो परिवारों को हल्के फुल्के माहौल में एक दूसरे को जानने, पहचानने और जुड़ने का मौका देते हैं।

ऊपर लिखे गाने तो उदाहरण भर हैं, लेकिन इन गानों की फेहरिस्त इतनी लम्बी है और तरबीयत इतनी विविधताओं से भरी हुई किआप हैरान रह जाएंगे। हर रस्म, हर रीत, हर रिश्तेदार से जुड़े गाने मौजूद हैं, फिर चाहे वो मेंहदी की रस्म हो या कंगना खिलाने की, लगुन चढ़कर आई हो या हल्दी लगाई जा रही हो, भात पहनाने की रीत हो या विदाई का समय, सास की टांग खींचनी हो या जेठानी की, नाना ससुर को गालियां देनी हों या फिर खुद दूल्हा या दुल्हन को..।

इन्हें सुनकर आप भी हमारे बुज़ुर्गो को सलाम ठोकेंगे जिन्होंने इन गानों को ईजाद किया और इन्हें अपने दिल की बातों को दूसरों तक पहुंचाने का ज़रिया बनाया। कई बार इन गीतों में आपको कुछ ऐसे शब्द और बातें भी मिल जाएंगे जिन्हें आज के ज़माने में नॉनवेज कहा जाता है। जी हां, अपने बड़ों के अंडरएस्टीमेट बिल्कुल ना करें। हमारे बड़े, बड़े चालू है, जिन्होंने इतनी चतुराई और नफासत से ऐसी-ऐसी बातों को इन गानों में पिरोया है कि किसी को बुरा भी नहीं लगता  और चुटकी काट ली जाती है, वर्जनाएं तोड़ दी जाती हैं, प्रतिबंधित बातें और शब्द बयां कर दिएं जाते हैं और वो भी सबके बीच, सबके सामने।

लोकगीतों के इस अंदाज़ और लोकप्रियता का फायदा बॉलीवुड के गीतकारों और संगीतकारों ने भी जमकर उठाया है। अगर आपको याद हो तो कुछ सालों पहले राकेश ओमप्रकाश मेहरा की फिल्म दिल्ली-6 का एक गाना बड़ा पसंद किया गया था- सास गाली देवे, देवर जी समझा लेवें, ससुराल गेंदा फूल..। गोविंदा और किमी काटकर पर फिल्माया गाना- 'बन्ने से बन्नी जयमाल पर झगड़ी, तू क्यों नहीं लाया रे सोने की तगड़ी...'  हो या फिल्म दुश्मनी का गाना- 'बन्नों तेरी अखियां सुरमेदानी...' यह सारे गीत सीधे-सीधे इन्हीं बन्ना-बन्नियों से उठाकर फिल्मों में डाल दिए गए हैं और लोगों ने हमेशा इन्हें पसंद किया है।


इन गानों के बोलों से साफ झांकती है मिट्टी की महक, परिवार से  जुड़ाव और पीढ़यों से चली आ रही परम्पराएं। एक खासियत यह भी है कि इन गीतों पर थिरकने के लिए किसी प्रेक्टिस की ज़रूरत भी नहीं है। इन गीतों पर तो वो भी नाच सकता है जिसे नाचना नहीं आता, बस पल्लू डाल कर अपना चेहरा पूरा ढक लें, और जैसे चाहें वैसे ठुमके लगाएं..।

तो अबकि बार आप जब किसी लेडीज़ संगीत या शादी समारोह में जाएं तो बजाय डीजे के एक बार अपनी दादी-नानी, चाची, ताई या मामी से उनका गीतों का खज़ाना खोलने की मनुहार करें, ढोलक बजवाएं और इन गीतों का रस ज़रूर लें।


यहां आपके लिए प्रस्तुत हैं कुछ चर्चित बन्ना-बन्नी और लांगुरिया

गाड़ी दो घंटा है लेट, सीट पर सो जा लांगुरिया...
सीट पर सोजा लांगुरिया...नींद तू लेले लागुंरिया.. गाड़ी दो घंटा है लेट...
1-काने से काना मत कहियो, काना जाए रूठ..(2)
ज़रा हौले-हौले बोलियो, ज़रा धीरे-धीरे पूछियो..(2)
अरे कैसे गई तेरी फूट....
गाड़ी दो घंटा है लेट...
2-काले से काला मत कहियो, काला जाए रूठ..(2)
ज़रा हौले-हौले बोलियो, ज़रा धीरे-धीरे पूछियो..(2)
अरे किसने दिया है फूंक...
3-गाड़ी दो घंटा है लेट..
गूंगे से गूंगा मत कहियो, गूंगा जाए रूठ..(2)
ज़रा हौले-हौले बोलियो, ज़रा धीरे-धीरे पूछियो..(2)
बोलना कैसे गया तू भूल...
गाड़ी दो घंटा है लेट....
3-मूरख से मूरख मत कहियो, मूरख जाए रूठ (2)
ज़रा हौले-हौले बोलियो, ज़रा धीरे-धीरे पूछियो..(2)
बुद्धि कैसे हो गई ठूंठ...
गाड़ी दो घंटा है लेट, सीट पर सोजा लांगुरिया..
...........................................................................................................
लांगुरिया

दो -दो जोगनी के बीच अकेलो लागुंरिया...
अकेलो लागुंरिया, माथा फोड़े लागुंरिया...
बड़ी जोगनी यों कहे, कि पिक्चर देखन जाए...
और छोटी जोगनी यों कहे...बाज़ार घुमा दे मोय
किसकी सुने औ किसकी छोड़े, माथा फोड़े लागुंरिया...
दो दो जोगनी के बीच ...
बड़ी जोगनी यों कहे कपड़े सिलवाने जाएं...
और छोटी जोगनी यों कहे कि हार दिला दे मोय...
किसकी सुने औ किसकी छोड़े, माथा फोड़े लागुंरिया...
दो दो जोगनी के बीच ...
छोटी जोगनी यों कहें बरफी खाने का चाह,
और बड़ी जोगनी यों कहें कि गोलगप्पे खिला दे मोय...
किसकी सुने औ किसकी छोड़े, माथा फोड़े लागुंरिया...
दो दो जोगनी के बीच ...
बड़ी जोगनी यों कहें, मेरे संग चलेगा तू...
और छोटी जोगनी यों कहें, तेरे संग चलूंगी मैं...
किसकी सुने औ किसकी छोड़े, माथा फोड़े लागुंरिया...
दो दो जोगनी के बीच ...
.............................................................................................................
बन्ना-बन्नी

बन्ना बुलाए, बन्नी ना आए,आजा प्यारी बन्नी रे, अटरिया सूनी पड़ी
मैं कैसे आऊं, ताऊ जी  खड़े हैं, मैं कैसे आऊं चाचा जी खड़े हैं...
पायल मेरी बजनी रे.., अटरिया सूनी नहीं,
पायल को उतार के, पैरों मोजे डाल के, आजा प्यारी बन्नी रे, अटरिया  सूनी पड़ी...
बन्ना बुलाए, बन्नी ना आए,..
मैं कैसे आऊं मामा जी खड़े हैं, मैं कैसे आऊं मौसा जी खड़े हैं..
बैना मेरी बजनी रे, अटरिया सूनी नहीं,
बैने को उतार को, लंबा घूंघट काढ़ के, आजा प्यारी बन्नी रे.., अटरिया सूनी नहीं..
बन्ना बुलाए, बन्नी ना आए,..
मैं कैसे आऊं नाना जी खड़े हैं, मैं कैसे आऊं दादा जी खड़े हैं...
कंगन मेरे बजनी रे, अटरिया सूनी नहीं,
कंगन को उतार के, सर पे चूनर डार के, आजा प्यारी बन्नी रे... अटरिया सूनी पड़ी..
बन्ना बुलाए, बन्नी ना आए,..
मैं कैसे आऊं जीजाजी खड़े हैं, मैं कैसे आऊं भैया जी खड़े हैं...
झुमका मेरा बजनी रे, अटरिया सूनी नहीं
झुमके को उतार के, चुप्पा चुप्पी मार के...
आजा प्यारी बन्नी रे अटरिया सूनी पड़ी....
.
..........................................................................................................................

खेल का गीत-

रात दिन हो रही है मरम्मत, सूख कर हो गया हूं छुआरा
मेरी बीवी तू जीती मैं हारा...।
बीवी ने मुझसे कचौड़ी मंगाई, कचौड़ी ना लाया तो मारा...
मेरी बीवी तू जीती मैं हारा...रात दिन...
बीवी ने मुझसे कपड़े धुलवाए, कपड़े ना सूखे तो झाड़ा..
मेरी बीवी तू जीती मैं हारा...रात दिन..
बीवी ने मुझसे खाना बनवाया, रोटी जली तो फटकारा..
मेरी बीवी तू जीती मैं हारा...रात दिन..
बीवी ने मुझसे पैर दवबाएं, नींद जो आई तो मारा..
मेरी बीवी तू जीती मैं हारा...रात दिन..

................................................................................................................

Friday, 11 November 2016

तस्वीरों में : स्वीमिंग पूल पर छिटकी छठ पर्व की छठा



मन चंगा तो स्वीमिंग पूल में गंगा...। मेट्रो शहरों की आधुनिक सोसाइटियों  के आस-पास ना तो नदियां हैं, ना तालाब और ना ही पोखर... लेकिन अपने राज्य और गांव को छोड़कर यहां बस चुके पूरबनिवासी ज़रूर हैं। यह शायद उनका अपने राज्य, संस्कृति और त्यौहारों से प्यार ही हैं, कि सुविधाओं के अभाव में भी लोग छठ पर्व मनाने और सूर्य भगवान को अर्घ्य देने का साधन ढूंढ ही लेते हैं। कहते हैं ना, जहां चाह, वहां राह...। यह बिहार के रहवासियों का छठ पर्व के प्रति उत्साह ही है कि सोसाइटी के स्वीमिंग पूल को ही पवित्र पोखर का रूप दे दिया गया । छठ पर्व मनाते लोग यहां स्वीमिंग पूल में खड़े होकर अस्ताचलगामी और उदयमान सूर्य को अर्घ्य देते नज़र आए। आप भी इन रंगीन तस्वीरों के ज़रिए स्वीमिंग पूल में मनते छठ उत्सव का नज़ारा लीजिए...  


और स्वीमिंग पूल पर लग गया छठ का मेला

नहाय खाय और खरना के बाद अस्ताचलगामी सूर्य भगवान को अर्घ्य देने पहुंचे भक्त
ढोल-नगाड़े का इंतज़ाम, ताकि पूजा में कोई कमी ना रह जाए


घर के बढ़े-बूढ़ों की कुशल देखरेख में सम्पन्न होती छठ पूजा



मौसमी फलों, केले, दीपक, नारियल, ठेकुएं और अन्य पूजा के सामानों से सजे सूपा


कुछ लोग इस तरह भी सूप सजा कर लाए 

स्वीमिंग पूल के किनारे पूजा की तैयारी पूरी


पूरी श्रद्धा के साथ अर्ध्य देती व्रती महिला





और यहीं गाए गए छठ मैया के गीत 



 बच्चे भी खुश और बड़े भी

अर्ध्य सम्पन्न




 सूपा वापस ले जाते पुरुष सदस्य







Monday, 8 June 2015

मुक्तेश्वर! चट्टानों, पानी, सूरज , हवा, मिट्टी और पहाड़ियों की जुगलबंदी...


और सहसा मैं ठिठक गई... दुर्गम पथरीली चढ़ाई और सीधी ढलान पर बैठ-बैठ कर चढ़-उतर कर यहां तक पहुंचे पैरों की थकावट जाने कहां गुम हो गई.. सामने थी नक्काशीदार चट्टाने, कहीं उभरी, कहीं ढलकी और कहीं लम्बवत रूप लेती.. एक के ऊपर एक, सब आगे निकलने की चाह में.. और उन पर ऊपर से गिर रही थी पानी की कल-कल धार...  सुरम्य छोटी घाटी में चट्टानों के बीच गहरे हरे रंग से नीबुंए रंग की छटा  बिखेरते पानी का रूप और पारदर्शी तले से झांकते चिकने, गोल पत्थर... स्वर्ग का अहसास करा रहे थे...। मुझे याद हो आया योग निद्रा में जाने के बाद सबसे खूबसूरत जगह की सैर करना... कुछ ऐसी ही तस्वीर बना करती थी...। और, आज मानों मेरी स्वप्नों से साकार होकर वो जगह सामने उतर आई थी। पैरों से चप्पलों का बोझ हटाकर जब इस झरने के पानी को छुआ तो शीतलता कब तलवों से दिमाग तक पहुंच कर इसे ठंडक दे आईं, पता ही नहीं चला... मैं तो प्रकृति के इस सौंदर्य में मगन थी...

भालगढ़ झरना

पानी तेरे रूप अनेक.. बह जाए तो नदी, गिर जाए झरना, ठहर जाए तो शांत झील और हिलोरें ले तो समुद्र...
पानी के इस झरनीय रूप का यह दर्शन मिला मुझे मिला भालगढ़ में।

वहीं भालगढ़ झरना जो नैनीताल से लगभग 60 किलोमीटर ऊपर मुक्तेश्वर पहुंचने के बाद देखने को मिलता है। अधिकतर पर्यटक बस मुक्तेश्वर महादेव मंदिर और चौथी जाली को अपनी घूमने की सूची में शामिल करते हैं...। लेकिन यहां आने के बाद अगर आपने भालगढ़ झरना नहीं घूमा तो आप प्रकृति के सौंदर्य को करीब से देखने का मौका गवां देंगे।

इसी जून की 3 तारीख को हम दिल्ली से लगभग 350 किमी की यात्रा लगभग 7 घंटे में तय करके हलद्वानी, काठगोदाम, नैनीताल, भीमताल और भुवाली होते हुए मुक्तेश्वर पहुंचे थे। शाम लगभग 5 बजे जब हम मुक्तेश्वर पहाड़ी पर बसे किसना ऑर्चर्ड रिज़ॉर्ट पहुंचे तो दिल्ली की भीषण गर्मी बहुत पीछे छूट चुकी थी। गाड़ी से उतरते ही सर्द हवा के झोंकों ने हमें मैदानी इलाकों के दिसंबर मौसम की याद दिला दी। हम सब अपनी अटैचियों में से गर्म कपड़े और शॉल निकाल ही रहे थे कि हमारे स्वागत के लिए लाल बुरास शर्बत पहुंच गया। किसना ऑर्चर्ड में आने वालों का स्वागत इसी बुरास शर्बत से किया जाता है। बुरास यहीं पहाड़ी में उगने वाला एक पौधा है जिसका शर्बत बेहद शीतल और तेज़ मिठास लिए होता है। बुरास शर्बत पीकर हम अपने कमरों की


और चले और यहीं कमरे की खिड़की से हमें सूर्यास्त के दर्शन हुए। बेहद खूबसूरत सूर्यास्त....। दिल्ली की ऊंची इमारतों और धूल भरे वातावरण के बीच सूर्योदय और सूर्यास्त का नज़ारा अगर कहीं से कभी दिखता भी है तो धुंधला दिखता है, लेकिन यहां हमारी आंखों और क्षितिज पर पहुंचे भास्कर के बीच थी केवल पारदर्शी, ठंडी हवा और मिट्टी की सौंधी महक..।

पहले दिन रिज़ॉर्ट में ही ब़ॉन फायर का मज़ा लेकर हम सोने चले गए। मैनेजर साहब हमें पहले ही आगाह कर चुके थे कि हम सुबह पांच बजे अपने कमरे की बालकनी से ही पहाड़ी सूर्योदय का नज़ारा ले सकते हैं, सो हम सब सुबह पांच बजे ही उठ गए थे।

बालकनी से सामने पूरब में धीरे-धीरे आगमन करते रविदेव का नज़ारा वाकई दर्शनीय था...,  मानों खुद हिमराज सूर्यदेव के रथ को धीरे-धीरे ठेलकर आकाश में पहुंचाने की चेष्टा कर रहे हों... दिवाकर की पहली मृदुल रश्मियां जब हम तक पहुंची तो मन प्रफुल्लित हो उठा। हम बुत बने प्रकृति की इस लीला का अवलोकन करते रहे। धीरे-धीरे सूरज ऊपर चढ़ा और हम भी तैयार होकर मुक्तेश्वर घूमने की तैयारी में लग गए। लगभग नौ बजे स्नानादि करके और नाश्ता ले चुकने के बाद हम अपने पहले पड़ाव मुक्तेश्वर महादेव मंदिर जाने के लिए निकल पड़े।

मुक्तेश्वर महादेव मंदिर
गाड़ी से यहां पहुंचने में लगभग 25 मिनट लगे। यूं तो यह ज्यादा दूर नहीं था लेकिन संकरी पहाड़ी सड़क, अंधे मोड़ और दोनों तरफ से आते वाहनों के कारण हमें इतना समय लग गया था। मुक्तेश्वर महादेव के बगल से ही एक रास्ता यहां के दूसरे दर्शनीय स्थल चौथी जाली के लिए कटता है, लेकिन हम उस रास्ते से नहीं गए। हम पहले मुक्तेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। लगभग आधा किलोमीटर ऊंची चढ़ाई चढ़ने और 30 सीढ़ियां पार करने के बाद हमारे सामने मुक्तेश्वर महादेव मंदिर था। मंदिर के मुहाने पर लकड़ी की चौकोर मेहराब बनी थी और उस से बंधी थी बहुत सी घंटियां। यह दृश्य इतना सादा और सौम्य है कि भक्ति अपने आप ही मन में समाने लगती है। मुक्तेश्वर महादेव मंदिर की सादगी ही उसका सबसे बड़ा आकर्षण हैं। यहां और नामी पहाड़ी मंदिरों जैसी भीड़भाड़, दिखावा और साज सज्जा का पूरी तरह अभाव है... कुछ हैं तो बस अनअलंकृत  मंदिर और सहज आराधना की खुशी....।

 ऊपर चोटी पर बने मंदिर के दरवाज़े पर भी असंख्य घंटियां बंधी हैं। प्रत्येक श्रद्धालु जब इन घंटों को बजाता है तो आवाज़ पूरी घाटी में गूंजती सी लगती है। यहां मदिंर से घाटी का सुंदर नज़ारा भी होता है।

मंदिर के दर्शन करके प्रशाद लेने के बाद हम पीछे के रास्ते से ही जंगल होते हुए चौथी जाली के लिए निकल पड़े।दोनों तरफ ऊंचे लंबे पेड़ों के बीच जाती पगडंडी से होकर निकलना प्रकृति के और करीब पहुंचने का अहसास दिला रहा था। हवा इतनी शीतल थी कि रोम-रोम से ऊष्णता का अंतिम कण तक निकल गया। यहां भी लगभग आधा किलोमीटर चलने के बाद हम चौथी जाली पहुंचे।

चौथी जाली

चौथी जाली दरअसल चट्टान के मुहाने पर बना एक बड़ा छेद है। कहते हैं कि जो इस छेद से होकर गुज़रता है, चौथ माता उसकी हर मनोकामना पूरी करती है। हांलाकि यहां तक पहुंचना बिल्कुल आसान नहीं, रास्ता दुर्गम है और खतरनाक भी लेकिन फिर भी इच्छा पूर्ति की कामना और विश्वास को साथ लेकर लोग यहां तक आते हैं और पहाड़ के मुहाने पर बने इस छिद्र से गुज़रकर चौथ माता से आशीर्वाद ग्रहण करते हैं।

यहीं पास में एडवेंचर स्पोर्ट्स भी कराए जाते हैं। रोप वे पर लटककर पहाड़ी पार करना उनमें से एक है। अगर आपको ऊंचाई से डर नहीं लगता, या अगर लगता भी है, तो भी इस स्पोर्ट को ज़रूर करें। पूरे सुरक्षा मानकों के साथ कराए जाने वाले इस खेल में जब आप रस्सी पर लटककर घाटी के बीचों-बींच पहुंचते हैं तो हवा में लटककर नीचे अंतहीन फैली सुरसा घाटी का जो नज़ारा होता है उसका शब्दों में वर्णन संभव ही नहीं है। आप अगर यह नहीं करते तो यकीन मानिए एक बेहतरीन अनुभव पाने का मौका गंवा देंगे। हम तो इस अनुभव को बड़े जतन से बांधकर ले आए हैं।


 यहीं वो पड़ाव था जहां से गुज़रने के बाद शायद हमारी भी मुक्तेश्वर यात्रा पूर्ण हो चुकी थी, लेकिन भला हो उस स्थानीय गरड़िये का जिसने हमें भालगढ़ झरने के बारे में बताया और हम वहां गए और एक अनुभव और लिया... चट्टानों, पानी, हवा और सूरज की किरणों की जुगलबंदी का अद्भुत यादगार अनुभव....।


शाम लगभग पांच बजे तक हमारी मुक्तेश्वर यात्रा पूरी हो चुकी थी। हम वापस रिज़ोर्ट पहुंच चुके थे।
केवल एक या दो दिन की योजना बनाकर आप भी यहां आ सकते हैं और यहां कदम-कदम पर प्रकृति से साक्षात्कार का मौका पा सकते हैं। यहां कोई बाज़ार नहीं जहां रुककर आप अपने खरीददारी की इच्छा को पूरी कर सकें, और ना ही कहीं भी दिखावट की ज़रा सी भी झलक...... मुक्तेश्वर में अगर कुछ है तो बस प्रकृति से समीपता... बेहद समीपता का अहसास और सादगी से भरी मनमोहक सुन्दरता...










Monday, 6 January 2014

एक बलिदान चेतक का, एक बलिदान झाला का और एक बलिदान महाराणा का.............! "जब याद करूं हल्दीघाटी, नैणां में रगत उतर आवैं, सुख-दुख रो साथी चेतकड़ो, सूती सी हूक जगा जावैं"

बचपन से इस वीरभोग्या वसुन्धरा के कई किस्से पढ़े, सुने, देखे, जाने। यू पी बोर्ड की पांचवी कक्षा में पढ़ाई जाने वाली "ज्ञान भारती" से दसवीं कक्षा की "गद्य गरिमा" तक राजाओं और राणाओं की हिम्मत और वीरता की कहानियां और कविताए पढ़ी। राजपूती वीरांगनाओ और ललनाओं के अदम्य साहस और बलिदान के पाठ पढ़े... । लेकिन सारी वीर रस में पगी कविताएं और किस्से मिलकर भी आत्मगौरव और देश प्रेम की वो अनुभूति नहीं दे सके जो राजस्थान की अरावली पर्वत श्रंखला में बसी हल्दीघाटी की एक झलक ने दे दी।
कहते हैं रणबांकुरों के खून से तिलक होने के बाद हल्दीघाटी की मिट्टी चंदन बन गई

वो हल्दीघाटी जिसकी मिट्टी का रंग हल्दी की तरह पीला है, वो हल्दीघाटी जिससे होकर महाराणा प्रताप के रणबांकुरों की सेना ने अकबर की विशाल सेना के छक्के छुड़ाए थे और वो हल्दीघाटी जहां की पथरीली भूमि पर चेतक ने अपनी स्वामिभक्ति की मिसाल कायम की थी।

माउंट आबू की तरफ से उदयपुर जाते हुए लगभग 15 किलोमीटर पहले हल्दीघाटी जाने के लिए एक रास्ता कटता है जो गोकुंडा और कुम्भलगढ़ से होते हुए आगे नाथद्वारा तक जाता है। यहीं बीच में रास्ते में पड़ती है हल्दीघाटी, जहां 18 जून सन् 1576 में मेवाड़ के तत्कालीन राजा महाराणा प्रताप और मुगल सम्राट अकबर के बीच जबरदस्त युद्ध हुआ था।

हल्दीघाटी का कण-कण प्रताप की सेना के शौर्य, पराक्रम और बलिदानों की कहानी कहता है। यहां स्थित म्यूज़ियम में हल्दीघाटी युद्ध का सजीव वर्णन किया जाता है, जहां रण भूमि की कसौटी पर राजपूतों के कर्तव्य और वीरता के जज़्बे की परख हुई थी और जिसमें कुंदन की भांति तप कर निकला राजपूतों और भीलों का देश प्रेम, अमर सिंह का भातृ प्रेम, झाला मान का बलिदान, चेतक की स्वामीभक्ति, महाराणा का कभी ना मरने वाला स्वराज पाने का सपना और हज़ारों राजपूत वीरों का अद्भुत पराक्रम। इस लड़ाई में ना अकबर जीता और ना राणा हारे। हज़ारों वीरों के खून में नहाकर यहां की मिट्टी पावन हो गई और हल्दीघाटी का नाम इतिहास में अमर हो गया।
हल्दीघाटी स्थित महाराणा प्रताप का संग्रहालय
हल्दीघाटी में आकर ही यहां के इतिहास के बारे में जाना और महसूस किया जा सकता है और गौरवान्वित हुआ जा सकता है। यहां हमने जो सुना उसके अनुसार मेवाड़  के राजा, राणा उदय सिंह और महारानी जयवन्ता बाई के पुत्र महाराणा प्रताप सिसोदिया वंश के अकेले ऐसे राजपूत राजा थे जिन्होंने बेहद शक्तिशाली मुगल सम्राट अकबर की आधीनता अस्वीकार करने का साहस दिखाया था और जो जब तक जीवित रहे अकबर को चैन से नहीं रहने दिया।

राणा प्रताप का जन्म तो कुम्भलगढ़ के किले में हुआ था लेकिन उनका बचपन चित्तौड़ में बीता। बचपन से निडर, साहसी और भाला चलाने में निपुण महाराणा प्रताप ने एक बार तो जंगल में शेर से भी लड़ाई की थी और उसे मार गिराया था। अपनी मातृभूमि मेवाड़ को अकबर के हाथों जाने से बचाने के लिए महाराणा प्रताप ने एक बेहद सशक्त सेना तैयार की थी जिसमें अधिकतर भील लड़ाके थे। यह गुरिल्ला पद्धति यानि छापामार लड़ाई में निपुण थे।

अकबर की सेना में लड़ाके ज्यादा थे, तोपें थी और हाथियों की भी अधिकता भी थी जबकि महाराणा प्रताप की सेना संख्या में कम थी और उनके पास अश्वों की संख्या ज्य़ादा थी। अकबर की सेना गोकुंडा तक पहुंचने की तैयारी में थी। हल्दीघाटी के पास ही खुले में उसने अपने खेमे लगाए थे। और तब महाराणा प्रताप की सेना ने गुरिल्ला पद्धति से युद्ध करके अकबर की सेना में भगदड़ मचा दी। अकबर की विशाल सेना बौखलाकर लगभग पांच किलोमीटर पीछे हट गई। जहां खुले मैदान में महाराणा प्रताप और अकबर की सेना के बीच पांच घंटे तक जबरदस्त युद्ध हुआ।

इस युद्ध में लगभग 18 हज़ार सैनिक मारे गए। इतना रक्त बहा कि इस जगह का नाम ही रक्त तलाई पड़ गया। महाराणा प्रताप के खिलाफ इस युद्ध में अकबर की सेना का नेतृत्व सेनापति मानसिंह कर रहे थे। जो हाथी पर सवार थे। महाराणा अपने वीर घोड़े चेतक पर सवार होकर रणभूमि में आए थे जो बिजली की तरह दौड़ता था और पल भर में एक जगह से दूसरी जगह पहुंच जाता था।
य़ूं चेतक ने मानसिंह के हाथी के मस्तक पर चढ़ाई कर दी थी 

"रण बीच चौकड़ी भर-भर चेतक बन गया निराला था,
राणा प्रताप के घोड़े से पड़ गया हवा को पाला था,
जो बाग हवा से ज़रा हिली लेकर सवार उड़ जाता था,
राणा की पुतली फिरी नहीं तब तक चेतक मुड़ जाता था"

मुगल सेना में हाथियों की संख्या ज़्यादा होने के कारण चेतक के सिर पर हाथी का मुखौटा बांधा गया था ताकि हाथियों को भरमाया जा सके। कहा जाता है कि चेतक पर सवार महाराणा प्रताप एक के बाद एक  दुश्मनों का सफाया करते हुए सेनापति मानसिंह के हाथी के सामने पहुंच गए थे। उस हाथी की सूंड़ में तलवार बंधी थी। महाराणा ने चेतक को एड़ लगाई और वो सीधा मानसिंह के हाथी के मस्तक पर चढ़ गया। लेकिन मानसिंह हौदे में छिप गया और राणा के वार से महावत मारा गया। हाथी से उतरते समय चेतक का एक पैर हाथी की सूंड़ में बंधी तलवार से कट गया।

इधर राणा को दुश्मनों से घिरता देख सादड़ी सरदार झाला माना सिंह उन तक पहुंच गए और उन्होंने राणा की पगड़ी और छत्र जबरन धारण कर लिया।
रक्त तलाई स्थित झाला मान सिंह का स्मारक
"राणा की जय, राणा की जय, वह आगे बढ़ता चला गया,
राणा प्रताप की जय करता राणा तक बढ़ता चला गया,
रख लिया छत्र अपने सर पर राणा प्रताप मस्तक से ले,
के सवर्ण पताका जूझ पड़ा रण भीम कला अतंक से ले,
झाला को राणा जान मुगल फिर टूट पड़े थे झाला पर,
मिट गया वीर जैसे मिटता, परवाना दीपक ज्वाला पर"

 उन्होंने महाराणा से कहा कि - "एक झाला के मरने से कुछ नहीं होगा लेकिन अगर आप बच गए तो कई और झाला तैयार हो जाएंगे।"  राणा का छत्र और पगड़ी पहने झाला को ही राणा समझकर मुगल सेना उनसे भिड़ गई और महाराणा प्रताप बच कर निकल गए। झाला मान वीरगति को प्राप्त हुए लेकिन उनकी वजह से महाराणा ज़िदा रहे।

अब स्वामीभक्त चेतक की बारी थी जो अपना एक पैर कटा होने के बावजूद महाराणा को सुरक्षित स्थान पर लाने के लिए बिना रुके पांच किलोमीटर तक दौड़ा। यहां तक कि उसने रास्ते में पड़ने वाले 100 मीटर के बरसाती नाले को भी एक छलांग में पार कर लिया। राणा को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के बाद ही चेतक ने अपने प्राण छोड़े। इतिहास में चेतक जैसी स्वामीभक्ति की मिसाल और कहीं देखने को नहीं मिलती। जहां चेतक ने प्राण छोड़े वहां राणा की बनवाई चेतक समाधि मौजूद है।

इस युद्ध में विजय भले ही अकबर को मिली लेकिन इतिहास में नाम अमर हुआ महाराणा प्रताप की वीरता, चेतक की स्वामीभक्ति और झालामान के बलिदान का।

युद्ध में अपने इतने प्रियजनों, मित्रो, सैनिको और घोड़े चेतक को खोने के बाद महाराणा प्रताप ने प्रण किया था कि वो जब तक मेवाड़ वापस प्राप्त नहीं कर लेते घास की रोटी खाएंगे और ज़मीन पर सोएंगे। जीवन पर्यन्त उन्होंने अपना यह प्रण निभाया और अकबर की सेना से युद्ध करते रहे। उनके जीते जी अकबर कभी चैन से नहीं रह पाया और मेवाड़ को अपने आधीन नहीं कर सका। 59 वर्ष की उम्र में महाराणा ने चावंड में अपनी अंतिम सांस ली और तब जाकर अकबर की सांस में सांस आईं।  मेवाड़ में आज भी कहा जाता है कि पुत्र हो तो महाराणा प्रताप जैसा।

 हल्टीघाटी की पावन भूमि उस जंगली बूटी की तरह है जो रग-रग में वीरता और गौरव का अहसास भर देती है। अगर मौका लगे तो आप भी देशप्रेम और कर्तव्य की इस बलिवेदी पर सजदा करके अवश्य आएं।

.................................................................................................................................................................















.




तकनीकी विकास से जुड़ा है हमारा क्रमिक विकास

भास्कर में छपा यह छोटा सा समाचार दरअसल विकास और संचार दोनों की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण है। तकनीक हमारी भाषा ही नहीं, आदतें, योग्यताएं,...