Monday, 27 April 2015

"ज़रा सी भी आहट होती है तो लगता है कि फिर से भूकंप आ गया" ... दिल में तबाही की तस्वीरें और जेब में पशुपतिनाथ का प्रसाद लेकर भारत लौटे मदन शर्मा की आपबीती

26 तारीख को रात नेपाल से वापस हिन्दुस्तान पहुंचे मदन शर्मा
25 तारीख की दोपहर लगभग 12 बजे का समय था। मैं और मेरे भाई साहब पशुपतिनाथ मंदिर और बागमती नदी के दर्शन करने के बाद पास की ही छोटी सी पहाड़ी के दूसरे तरफ बसे पार्वती मंदिर को देखने जाने के लिए पहाड़ी चढ़ रहे थे। मौसम गर्म था लेकिन तेज़ ठंडी हवाएं भी चल रही थीं। हम उस पहाड़ी के रास्ते में जगह जगह दिखने वाले बंदरों को देखते हुए धीरे-धीरे चल रहे थे कि अचानक धरती डोल उठी..। पहला झटका ज़बरदस्त था, हम पहाड़ी से गिरते-गिरते बचे। अभी संभल भी नहीं पाए थे कि दूसरा झटका लगा..। पहाड़ी अचानक से कांपने लगी, पहले तो समझ नहीं आया क्या हुआ, लेकिन फिर एक के बाद एक झटके खाने के बाद समझ आ गया कि भूकंप आया है...। कुछ देर पहले तक जहां शांति का आलम दिख रहा था अचानक दहशत फैल गई.। पहाड़ी का रास्ता चढ़ते लोग एक दूसरे का हाथ पकड़ कर डरे सहमे से खड़े हो गए थे। मैंने भी भाईसाहब को कस कर पकड़ लिया और धीरे-धीरे हम नीचे बैठ गए। आस-पास के बंदरों तक में डर का माहौल दिख रहा था, पहाड़ी के लगभग सारे बंदर एक जगह इकट्ठे हो गए थे। नीचे से शोर और दीवारें टूटने के धमाकों की आवाज़ें आ रही थीं। सब लोगों के बीच डर का माहौल था। पहाड़ीं पर जगह-जगह चाय नाश्ते और दूसरे सामानों की छोटी-छोटी दुकानें खोले बैठे दुकानदार, महिलाएं सभी डरकर दुकानों से बाहर आ गए थे और नीचे शहर में हर झटके के साथ आती बरबादी का मंज़र देख रहे थे...। लोगों की चीख-ओ-पुकार की आवाज़ें, रह-रह कर पहाड़ी का डोलना.., लगातार झटके आना..और खुद को बचाने की जद्दोजहद.. लगभग डेढ़ घंटे तक यहीं सब चलता रहा। हममें से कोई भी डर के मारे ना तो पहाड़ी से ऊपर जा रहा था और ना ही नीचे उतर रहा था। क्योंकि यहां से शहर में तबाही का आलम साफ नज़र आ रहा था, ताश के पत्तों की भांति इमारतें और मंदिर ढह रहे थे। अचानक से ही सामान्य सा माहौल मातम में बदल चुका था।

लगभग डेढ़ घंटे बाद भी पहाड़ी से उतरने की हिम्मत नहीं हुई। पास ही एक चाय-नाश्ते की छोटी सी दुकान थी। मुझे और भाईसाहब के साथ अन्य लोगों को भी बहुत भूख  लग रही थी, सो उस दुकान की मालकिन से पूछा कि क्या उसके पास मैगी है? ... उसने जवाब दिया कि साहब है तो लेकिन दुकान के अंदर जाकर उसे बनाएगा कौन। अगर कहीं फिर भूकम्प आ गया और दुकान गिर गई.. मरने का खतरा था। उसकी बात सही थी इसलिए हम कुछ नहीं बोले। फिर कुछ देर बाद वो महिला खुद ही बोली कि आप लोगों के लिए चाय बना देती हूं लेकिन आप सब लोग रास्ते से सामान हटा दीजिए जिससे अगर कोई झटका लगे तो मैं फौरन भागकर बाहर आ जाऊंगी। उस समय वो महिला चाय पैसे कमाने के लिए नहीं, बल्कि हमारी परेशानी और भूख को देखते हुए बनाने के लिए तैयार हुई थी। चाय बनी, हम सबने पी.. और इस दौरान रह-रहकर भूकंप के झटके आते रहे।



शाम चार बजे के लगभग हम लोगों ने आखिरकार पहाड़ी से उतरकर अपने होटल में पहुंचने का मन बनाया। हिम्मत जवाब दे चुकी थी, लेकिन इसके अलावा और कोई चारा नहीं दिख रहा था। सामान लेने और वापस भारत लौटने की सूरत तलाशने के लिए होटल पहुंचना ज़रूरी था। हम लोग जब नीचे उतरे तो हर तरफ खौलनाक तबाही का मंजर था। सड़के फट गईं थीं, मकान, इमारतें और मंदिर मलबे में तब्दील हो गए थे और उस मलबे से लगातार चीख-पुकार की आवाज़े आ रही थीं। उनके नीचे लोग फंसे हुए थे और बहुत से स्थानीय निवासी उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे थे। किसी तरह होटल तक पहुंचे, तब तक बीच-बीच में भी भूकंप के झटके आते रहे थे। उस समय तो ऐसा लग रहा था कि कहीं अगला पल हमारा आखिरी पल ना हो। होटल को भी थोड़ा नुकसान पहुंचा था। जब हम वहां पहुंचे तो होटल मैनेजर हमें वहां से निकालकर दूसरे मज़बूत होटल में पहुंचाने का इंतज़ाम कर चुका था। हम लोगों को पास के ही दूसरे मज़बूत होटल ले जाया गया। वहां खाने का तो कोई इंतज़ाम नहीं था, अधिकतर बैरे, कुक वगैरह भूकंप आने की वजह से अपने घरवालों के पास गांवों में चले गए थे। जो घर से नाश्ता ले गए थे, उसी को खाकर किसी तरह भूख शांत की। लोग होटल की लॉबी में चल रहे टीवी पर खबरें सुन रहे थे। रात में हममें से कोई भी नहीं सो सका था, पूरी रात झटके आते रहे, हर झटके के बाद लोग भागकर सड़क पर आ जाते थे। वहां के स्थानीय लोग तो सड़कों पर ही चादर बिछाकर सो रहे थे।

किसी तरह राम-राम करके रात बीती। उस रात कोई भी नहीं सोया था। हमारी तरह और पर्यटकों को भी अब घर जाने की जल्दी थी। घर के फोन भी लगातार पहुंच रहे थे और मेरी पत्नी-बच्चे सभी जल्दी से जल्दी वापस भारत लौट आने को कह रहे थे। जल्दी हमें भी थी। लेकिन हमारी फ्लाइट दो दिन बाद की थी। और अब यहां रुकना हमारे मन में नहीं था। 26 तारीख की सुबह ही मैंने अपने एक रिश्तेदार से संपर्क किया जो काफी ऊंची पोस्ट पर थे और उन से बात करके उसी दिन दोपहर सवा दो बजे वाली एयर इंडिया की भारत वापसी की फ्लाइट में अपने लिए और अपने भाई साहब के लिए सीटें बुक कीं। हमें एक सीट 32,000 रुपए की पड़ी थी, लेकिन हमें इस बात का सुकून था, कि भारत वापसी की राह दिख रही थी। न्यूज़ चैनल्स पर खबरें सुनकर यह भी पता चल चुका था कि भारतीय रेस्क्यु विमान वहां दवाईयां, खाना और राहत सामग्री लेकर पहुंच चुके हैं। बस एयरपोर्ट जाने की तैयारी ही कर रहे थे कि हमें यह खबर मिली कि भूकंप के कारण रनवे पर भी क्रैक आ गया था जिसके कारण एयर इंडिया ने अपनी फ्लाइट कैंसिल कर दी थी।
नेपाल की धरती बार-बार डोल रही थी और साथ ही आई इस खबर ने मायूसी के बादल घने कर दिए थे। लेकिन हमने हिम्मत नहीं हारी। हमारी तरह और भी देशों के पर्यटक वापस पहुंचने का रास्ता तलाश रहे थे। हम लोगों ने योजना बनाई कि किसी तरह अगर हम सोनोली बॉर्डर तक पहुंच जाएं तो वहां से सड़क मार्ग द्वारा बस से हिन्दुस्तान पहुंचा जा सकता है। अपना सामान लेकर बाहर निकले.. टैक्सी वालों से बात की, लेकिन कोई भी टैक्सी वाला वहां जाने को तैयार नहीं था। बहुत लोगों से बात करने के बाद, आखिरकार एक टैक्सी वाला आठ हज़ार रुपए में हमें सोनोली बॉर्डर छोड़ने को तैयार हुआ। लेकिन इस शर्त पर कि हमें ले जाने से पहले वो अपने परिवार से जाकर मिलेगा और अगर परिवार की हामी होती है तभी वो हमें छोड़ने जाएगा। टैक्सी वाला अपने परिवार से मिलने गया और उसके परिवार ने उसे हमारे साथ जाने की इजाज़त नहीं दी।

हमारे सारे रास्ते फिर से बंद हो गए थे। हमने भारतीय दूतावास जाने की सोची, लेकिन काफी लोग बता रहे थए कि वहां से कोई मदद नहीं मिल पा रही है। अब केवल भारतीय सेना से ही मदद की उम्मीद बची थी। टीवी पर लगातार खबरें आ रही थीं कि भारतीय सेना के विमान लगातार नेपाल पहुंच रहे हैं। हमारे पास सुबह बुक कराई हुई एयर इंडिया की फ्लाइट के बोर्डिंग पास थे। तो बस उन्हें लेकर एयरपोर्ट के लिए निकल पड़े। पर मुश्किल अभी खत्म नहीं हुई थी। एयरपोर्ट जाने के लिए भी कोई भी टैक्सी वाला तैयार नहीं था। बहुत मुश्किल से 1000 रुपए में एक टैक्सी वाला जाने को तैयार हुआ। होटल से मात्र 20 मिनट की दूरी वाले त्रिभुवन एयरपोर्ट पर हम ढाई घंटे में पहुंचे। क्योंकि टैक्सी जिस भी रास्ते से निकलती, वो बंद मिलता, कहीं टूटी इमारतों का मलबा था, तो कहीं टैंट लगे थे और कहीं खुद स्थानीय लोग ने अपना अस्थायी निवास बनाया हुआ था, और कहीं रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा था। इसी दौरान एक बार और ज़बरदस्त झटका लग चुका था। धरती अब भी रह-रह कर डोल रही थी। कई जगह से घुमाने के बाद आखिरकार 3 बजे के लगभग टैक्सी वाले ने हमें एयरपोर्ट पहुंचाया।

त्रिभुवन एयरपोर्ट ठसाठस भरा हुआ था। इंच भर भी जगह नहीं दिख रही थी। एयरपोर्ट पर 15 से 20000 लोग मौजूद थे। किसी तरह से हम धक्का मुक्की करके अंदर पहुंचे तो जान में जान आई। सामने इंडियन एयरफोर्स ने टैंट लगा रखे थे। लगातार लोगों को दवाईयां, गर्म कपड़े, खाने के पैकेट वगैरह बांटे जा रहे थे। पता चला कि हर घंटे भारत का एक विमान वहां राहत सामग्री लेकर पहुंच रहा था और वापसी में भारतीयों को ले जा रहा था। हमारे एयरफोर्स के फौजी भाई सारे लोगों की हर संभव सहायता कर रहे थे। भारतीय विमानों के अलावा चीन के विमान भी लगातार आ रहे थे। दो दिन से भूखे लोग एयरफोर्स से मिला खाना खाकर बहुत सुकून में थे। एक बार तो खाने को लेकर भगदड़ भी मच गईं। लोगों ने अपने परिवार वालों के लिए खाने के पैकेट लूट लिए। लेकिन भीड़ और लोगों की परेशानी का मज़ंर देख कर एयरफोर्स के फौजी उनको बिना कुछ कहे उनकी मदद की कोशिश कर रहे थे।

बहुत सारे लोग रनवे के पास जमा थे और जैसे ही कोई प्लेन उड़ने के लिए तैयार होता, लोग दौड़कर रनवे पर पहुंच जाते कि पहले उन्हें चढ़ा लिया जाए।  बहुत से भारतीयों का वहां मौजूद दूतावास के लोगों से झगड़ा भी हुआ क्योंकि वो उन लोगों को अंदर नहीं जाने दे रहे थे जिनके पास बोर्डिंग पासेस नहीं थे। आखिरकार एक बुज़ुर्गवार ने पीएमओ फोन करने की धमकी दी और कहां कि अगर उन्हें अंदर नहीं घुसने दिया गया और उस प्लेन में नहीं चढ़ने दिया गया जो कि सरकार की तरफ से भारतीयों को बचाने के लिए भेजा गया है तो वो इसके खिलाफ शिकायत करेंगे। किसी तरह मामला सुलझा और फिर सभी भारतीयों के नाम लिख लिखकर उन्हें कतार में खड़ा किया जाने लगा।

मेरा नंबर लगभग ढाईसौवां रहा होगा और मेरे भाई साहब मुझसे और थोड़ा पीछे थे। इतवार की उस शाम उस कतार में लगने के बाद पहली बार मुझे दिल से सुकून का अहसास हुआ। एयरपोर्ट पर मुस्तैद भारतीय एयरफोर्स के जवानों को डटा देखकर, हर घंटे पहुंच रहे भारतीय विमान को देखने के बाद और मोदी जी के नाम का बोलबाला महसूस करने के बाद, दो दिन में पहली बार मुझे विश्वास हुआ कि मैं सलामत अपने घर पहुंच जाऊंगा।

6 बजे के लगभग एयरफोर्स का मालवाहक जहाज दवाईयां और खाद्य सामग्री लेकर रनवे पर आया। पहले उसे खाली किया गया और फिर हमें उसमें चढ़ाया गया। उस मालवाहक जहाज में एयरबस की तरह सीटें नहीं थीं। औरतों और बुज़ुर्गों को साइड में सामान रखने की सीटों पर बिठाया गया और बाकी लोगों को विमान में अंदर नीचे बिठा दिया गया। एयरफोर्स के जवान बार-बार आग्रह कर रहे थे कि जितने ज्यादा से ज्यादा लोग विमान में आ सकते हैं आ जाएं। बस किसी तरह विमान में बैठ जाएं तो हम आपको सकुशल भारत ले जाएंगे। लगभग साढ़े चार सौ भारतीय उस मालवाहक विमान में टिक गए और रात आठ बजे जब उस विमान ने उड़ान भरी, हमनें नेपाल की धरती से विदा ली और अपने देश लौट चले। इस वापसी की यात्रा के दौरान लोगों के चेहरों पर जो सुकून और खुशी का आलम था वो बयान से परे हैं। केवल हम बचने वाले ही नहीं, हमें बचाने वाले एयरफोर्स के जवानों के चेहरे भी खुशी और संतोष से दमक रहे थे। मैं तेईस तारीख की रात को यहां नेपाल घूमने के लिए भाई साहब के साथ पहुंचा था। दो दिन की भगदड़, बदहवासी के बाद अब जोड़ रहा था कि इस यात्रा के दौरान क्या खोया क्या पाया...। मोबाइल के कैमरे में तबाही के मंजर कैद थे, अटैजी में पशुपतिनाथ मंदिर का प्रसाद., .बगल में भाई साहब थे, दिमाग में प्रकृति के इस क्रोध की तस्वीरें और दिल में घर लौटने की खुशी...।  दस बजे हमारे विमान ने दिल्ली लैंड किया और हम उस जलजले से निकलकर सकुशल अपनी भारत की धरती पर लौट आए।
(नेपाल से बचा कर लाए गए गाज़ियाबाद निवासी श्री मदन शर्मा से बातचीत पर आधारित)


Sunday, 19 April 2015

खुशरंग-ए-फितरत



रंग-ए-ईमानदारी
वक्त- अप्रेल 2004 का कोई दिन, सुबह लगभग नौ बजे का वक्त, नोएडा सेक्टर 8

खट खट (दरवाज़ा खुला)
 नमस्ते अंकल जी,
नमस्ते बेटा, मैंने पहचाना नहीं,
पहली लड़की- अंकल यह आपका बल्ब है, आपके घर के बाहर लगा हुआ था... हम यहीं पास में किराए पर रहते हैं।
दूसरी लड़की-  अंकल एक्चुली कल रात को ग्यारह बजे के लगभग जब लाइट फ्लक्चुएट कर रही थी ना, तब हमारे कमरे का बल्ब फ्यूज़ हो गया था। दूसरा बल्ब था नहीं हमारे पास। हम नीचे देखने भी आए थे कि कोई दुकान खुली हो तो..। लेकिन कोई दुकान नहीं खुली थी, तो आपके घर के बाहर लगा बल्ब दिख गया और हम इसे उतार कर ले गए।

पहली लड़़की- अब हमारा काम हो गया अंकल, हमने नया बल्ब खरीद लिया है, इसलिए आपका बल्ब वापस करने आए हैं।
(और बल्ब वापिस करके स्वाभिमान से भरी दोनों लड़कियां अपने कमरे को लौट चली, पीछे अंकल को भौचक छोड़..)
.............................................................................................................................................


रंग-ए-उसूल
वक्त- फरवरी 2002 का कोई दिन, सेंट्रल जेल, भोपाल से होकर अखबार के दफ्तर में पहुंचना

सर- तुमने जेल की लेडी वॉर्डन से बातों-बातों में कुछ पूछा इस बारे में कि जेल में क्या होता है?
लड़की- जी सर, वो लड़की नई नई वॉर्डन बनी है, उसे अभी ज्यादा कुछ पता नहीं है, लेकिन फिर भी उससे मेरी दोस्ती हो गई और उसने मुझे काफी सारी बातें बताई जो कि जेल में होती हैं।

सर- तो उस पर रिपोर्ट तैयार करों।
लड़की- रिपोर्ट, मतलब सर?
सर- अरे उस लड़की ने जो बातें बताईं, उन सबको लिखकर एक बढ़िया रिपोर्ट तैयार करों, कल के पेपर में छापेंगे।
लड़की- नहीं सर, उसने मुझे दोस्त समझकर सारी बातें बताईं हैं, मुझे अपने घर ले जाकर चाय-नाश्ता कराया,  मैं उसे धोखा नहीं दे सकती।
सर- (मुस्कुराते हुए), अरे पागल लड़की, यह धोखा नहीं है, अखबार में अनऑफिशियल सोर्सेज से रिपोर्टिंग ऐसे ही की जाती है..।
लड़की- की जाती होगी सर, मैं ऐसा नहीं करूंगी। जेलर ने मुझे उससे मिलवाया था, हमारे पेपर का नाम भी उसे मालूम है, अब अगर हमारे पेपर में वो सारी बातें छपेंगी तो जेलर को समझ आ जाएगा कि ......... ने ही बताई होंगी। फिर बेकार में उसके लिए परेशानी नहीं होगी,,? और फिर मेरी और उसकी दोस्ती खराब हो जाएगी, मैं ऐसा नहीं कर सकती।
 ............................................................................................................................................


रंग-ए-बेफिक्री

वक्त- साल 1996 के किसी महीने का कोई दिन, स्वामीबाग, आगरा का गेट

दो लड़कियों की गेट से निकलती साइकिलें, अचानक से एक लड़की की साइकिल फिसली और वो साइकिल समेत गिर पड़ी और फिर उससे टकराकर दूसरी भी गिर पड़ी...

साइकिलें सड़क पर पड़ी छोड़ दोनों लड़कियां उठ कर ज़ोर ज़ोर से हंसने लगी, पेट पकड़कर...वहीं साइकिलों के पास पलोथी मार कर बैठ गईं और हंसने लगी...., अपने गिरने पर खुद पर ही हंस रही थी दोनों।

गेट का चौकीदार आया, और एक लड़की के कंधे को हिलाते हुए बोला... बेटा, साइकिल उठा लो और साइड में बैठ कर हंस लो, तुम लोगों की वजह से ट्रेफिक रुक रहा है...।

दोनों लड़कियों ने घूम कर देखा... गेट के दोनों तरफ स्कूटर, साइकिल और मोपेड पर लोग रुके हुए थे और बीच में पड़ी साइकिलों और उनके पास ज़मीन में बैठी हंसती हुई लड़कियों को घूर रहे थे...।

लड़कियां सॉरी- सॉरी बोलती हुई उठी, साइकिलें उठाई, उन्हें लेकर साइड में आईं, स्टैंड पर लगाया और फिर... दोनों का हंसना फिर चालू....।
.................................................................................................................................................


रंग-ए- दोस्ती


वक्त- साल 1995 के किसी महीने का कोई दिन, दोपहर का समय, कमलानगर, आगरा

साइकिलों पर जाती तीन सहेलियां, उनमें से एक टॉम ब्यॉय

टॉम ब्यॉय लड़की सामने से आते सिलेंडर वाले से टकराई.., दोनों की साइकिलें गिर पड़ी,
गुस्से में भन्नाते सिलेंडर वाले ने टॉम ब्यॉय लड़की को कॉलर पकड़कर उठाया और बोला, साले साइकिल चलानी नहीं आती तो चलाता क्यों हैं...?
टॉम ब्यॉय लड़की ने कॉलर पर से सिलेंडर वाले के हाथ हटाए और बोली, भाई साहब आपको लड़कियों से बात करने की तमीज़ नहीं है....?

सिलेंडर वाले को सांप सूंघ गया, हैरानी से टॉम ब्यॉय लड़की को देखते हुए पीछे हुआ, अपनी साइकिल छोड़ उसकी साइकिल उठाई और उसे पकड़ाते हुए बोला,  साइकिल देख के चलाया करो बहनजी...।

टॉम ब्यॉय लड़की ने सिलेंडर वाले को घूरते हुए उससे साइकिल लीं और अपनी दोनों सहेलियों के पास पहुंची जो अभी भी दूर खड़ी हंस रहीं थीं...। सिलेंडर वाला अभी भी उस लड़की को हैरानी से देख रहा था....।

पास पहुंचकर टॉम ब्यॉय लड़की ने अपनी हंसती हुई सहेलियों से पूछा.., तुम लोगों को शरम नहीं आती, तुम्हारी दोस्त वहां गिर गई, एक आदमी उससे बदतमीज़ी कर रहा है, और तुम यहां खड़े होकर हंस रही हो..।

एक सहेली का जवाब- क्यों तुझे ही बड़ा लड़का बनने का शौक है ना, तुझे हमारी ज़रूरत कहां से पड़ गई।
दूसरी सहेली- और बेटा वैसे तो बड़ा लड़का जैसा बन कर घूमती है, आज लड़ाई हुई तो अपना लड़की होना याद आ गया...।
...............................................................................................................................................................




Tuesday, 13 January 2015

जीवनदायी उपासना के तीन पर्व



भारत त्यौहारों का देश है, जहां हर मौसम खुशियों का त्यौहार लेकर आता है। यहां के अधिकांश पर्व ऋतुओं, धरती और सौर मंडल के परिवर्तन से जुड़े होते हैं- चाहे वो लोहड़ी हो, मकर संक्रांति हो या फिर पोंगल.. सबके पीछे छिपी है एक परंपरा, एक आस्था और खुशहाली, हरियाली, धन-धान्य, पूजा-पाठ और एक दूसरे से मिल कर खुशियां बांटने की चाह। नए वर्ष के आगमन के साथ ही चले आते हैं उत्तर भारत के मकर संक्रांति, पंजाब की लोहड़ी और दक्षिण भारत के पोंगल जैसे त्यौहार और इनके साथ ही गुजरात और राजस्थान का पूरा आसमान रंग जाता है रंग-बिंरगी, बलखाती, पेंच लड़ाती पतंगों से।

क्या आप जानते हैं इन त्यौहारों, इन परंपराओं की वजह और ज़रूरत...? हम अापको बताते हैं। दरअसल अलग अलग रूपों में, देश के अलग अलग हिस्सों में मनाए जाने वाले ये जीवनदायी पंचतत्वों को पूजने के त्यौहार हैं।  लोहड़ी का त्यौहार जहां अग्नि तत्व की आराधना से जुड़ा है तो मकर संक्रांति पर सूर्य उत्तरायण होते हैं और उनकी उपासना की जाती है। वहीं पोंगल धरती मां की वंदना का पर्व है।

लोहड़ी का त्यौहार

लोहड़ी को आपसी भाईचारे और प्रेम की मिसाल कायम करने वाला त्यौहार भी माना जाता है। इस दिन उत्सव के समय जलाई जाने वाली लकड़ियों को इकट्ठा करने के लिए बच्चे बहुत पहले से जुट जाते हैं और मोहल्ले में घर घर जाकर लकड़ियां और उपले मांगकर लाते हैं। रात को अलाव जलाकर उसके चारों तरफ परिक्रमा करते हैं.. गिद्धा और भांगड़ा करते हैं और इसके बाद प्रसाद के रूप में बांटी जाती हैं मूंगफली, रेवड़ी और गजक।

मकर संक्रांति पर्व

14 जनवरी को अत्यंत श्रद्धा से मनाया जाता है मकर संक्रांति। इस दिन से सूरत क्षितिज से ऊपर जाने लगता है यानि दक्षिण से उत्तर की तरफ जाने लगता है। सूर्य के उत्तरायण होने से सौर ऊर्जा ज्यादा मात्रा में धरती तक पहुंचती है। कहते हैं इस दिन स्वर्ग का द्वार खुलता है। इस दिन से रातें छोटी और दिन बड़े होने लगते हैं।हेमन्त ऋतु  खत्म होती है और शिशिर ऋतु की शुरूआत हो जाती है। इस दिन श्राद्ध कर्म और तीर्थ स्थान जाना बेहद फलदायी माना जाता है।  इस दिन तिलकुट और खिचड़ी का भोग लगाकर बायना मिन्सा जाता है और संक्रांति के दिन दान-पुण्य का भी खासा महत्व है।

पोंगल उत्सव



पश्चिम बंगाल में वंदमाता और दक्षिण भारत में पोंगल के नाम से यह त्यौहार चार दिनों तक मनाया जाता है। यहां इन दिनों धरती माता के साथ शिव,गणेश, सूर्य व इन्द्र देवता की पूजा की जाती है। पहला दिन भोगी कहलाता है जिसमें लोग घर साफ करते हैं। दूसरे दिन महिलाएं चावल के आटे व फूलों से रंगोली बनाती हैं जिसे कोलम कहते हैं। कोलम के बीचों-बीच शुद्ध गाय का गोबर रखकर इस कद्दू के फूल की पांच पत्तियां रखी जाती हैं। इसे संस्कृति रथ कहते हैं। यह बेहतरीन उपज का परिचायक है। अदरक, हल्दी, चावल, गन्ना, दाल आदि से सूर्य भगवान की पूजा की जाती है। इस प्रसाद के रूप में पायसम बनाया जाता है।

इन सभी त्यौहारों से जुड़ी है रोचक पौराणिक कथाएं

 सुंदर मंदरीए हो,
तेरा कौन विचारा हो, 
दुल्ला भट्टी वाला हो, 
दुल्ले घी ब्याही हो...
लोहड़ी के इस प्रमुख गीत से जुड़ी है संबंध सुंदरी नामक कन्या और दुल्ला भट्टी नामक डाकू की कथा। इस कथानुसार गंजीबार क्षेत्र में एक ब्राह्मण की खूबसूरत कन्या थी संबंध सुंदरी, जिसे वहां का राजा अपने हरम की शोभा बनाना चाहता था। तब संबंध सुंदरी की रक्षा जंगल के एक डाकू दुल्ला भट्टी ने की थी। उसने एक योग्य ब्राह्मण लड़के की तलाश करके उसी वक्त सुंदरी की शादी कर दी। यहीं नहीं, सुंदरी को अपनी बेटी मानकर दुल्ला भट्टी ने तिल व शक्कर  देकर उसका कन्यादान भी किया। जब राजा की सेना इसके विरोध में दुल्ला भट्टी से युद्ध करने पहुंची तो दुल्ला भट्टी और उसके साथियों ने बहादुरी से लड़ाई की और राजा की सेना को भगा दिया। तभी से लोग अलाव जलाकर और उसके इर्द गिर्द भंगड़ा पा के लोहड़ी मनाने लगे।

मकर संक्रांति पर्व को लेकर भी महाभारत काल की एक पौराणिक कथा प्रचलित है। कहा जाता है कि अर्जुन के तीरों की शर-शैया पर लेटे भीष्म पितामह ने अपनी मृत्यु को 14 जनवरी तक रोके रखा। और इस दिन जब सूर्य उत्तरायण हो गए तब उन्होंने अपने प्राण छोड़े।

इसी तरह पोंगल त्यौहार के लिए शिव और नंदी की कथा कही जाती है। एक दफा भगवान शिव ने नंदी को पृथ्वी के लोगों को यह कहने के लिए भेजा कि वे इस माह में एक बार भोजन करें और प्रतिदिन तेल से स्नान करें। नंदी भूल से उल्टा संदेश दे आए। तब भगवान शिव ने नंदी से कहा कि इस उल्टे संदेश के कारण  अब लोगों को अधिक अन्न की ज़रूरत पड़ेगी इसलिए अब से तुम्हें अनाज पैदा करने के लिए उनके खेतों में हल जोतना पड़ेगा। बस तभी से बैल खेत में हल जोतने लगे और पोंगल त्यौहार मनाने की प्रथा चल निकली।

पतंगोत्सव

इन सारी परंपराओं के अलावा पतंगोत्सव की परंपरा भी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात, हरियाणा आदि राज्यों में प्रचलित है। सुबह से शाम तक आकाश रंग-बिरंगी पतंगों से ढका रहता है। खूब पतंग प्रतियोगिताएं आयोजिक की जाती है और पेंच ल़ड़ाए जाते हैं।

Monday, 12 January 2015

गुज़र गया 2014... 2015 को बस अभी लोहड़ी लगी है.. !

ज़रा याद करें एक साल पहले 31 दिसम्बर 2013 का दिन, जब हमेशा की तरह सभी को इंतज़ार था, नव वर्ष के आगमन का और एक पूरे साल की विदाई का... जैसे जैसे घड़ी की सुईयां रफ्तार पकड़ रही थीं, दिन बीत रहे थे, सभी की बैचेनी बढ़ती जा रही थी..., और फिर शुरू हुआ काउंटडाउन... 10, 9... 6..4..2..1... और फिर जैसे ही घड़ी की सुई ने 12 बजने का ऐलान किया, 2013 ने अलविदा कहा और समय के गर्भ से 2014 कूदता हुआ सबके बीच आ पहुंचा.. लाल, लाल, रूई के फाहे जैसे कोहरे में लिपटा, बिल्कुल एक नए नवजात शिशु की तरह... किलकारी मारता, पुलकित होता...।
चारों तरफ खुशियां मन रही थीं। कहीं मिठाईयां बंटी तो कहीं जबरदस्त डांस पार्टी चली, रेस्ट्रोन्ट फुल रहे, ऑर्डर लेते लेते सांस लेने की फुरसत नहीं थी। 2014 का स्वागत करने वालों में युवा वर्ग सबसे आगे था। जोश से भरा यह वर्ग पूरी आतुर था नए साल के स्वागत को। कहीं जाम छलक रहे थे तो कहीं डिस्को-डांस की मस्ती। कहीं पार्टियों की रौनक थी तो कहीं आतिशबाज़ी का धूम- धड़ाका... मस्ती.., मस्ती... और बस मस्ती...।

2014 भी अपने इन चाहने वालों को देखकर झूम उठा। सोच लिया कि ताउम्र इन युवाओं को खुश रखकर गुज़ारेगा और साथ ही इनकी एक-एक गतिविधि पर नज़र भी रखेगा। नए साल ने देखा, एक समूह की बातें चल रही थीं.. " यार मज़ा आ गया, फिर से एक और साल, अब सबकी बर्थडे फिर से आएगी, खूब सारी ट्रीट मिलेगी और फिर से नए त्यौहार आएंगे, एक और साल देख लिया हमने...इस बहाने मस्ती और पार्टी भी हो गई... गज़ब... याहूं...।
नया साल हंस पड़ा।  तो इसलिए खुश हैं यह युवा..। कुछ ने तो इसके आगमन की खुशी में संकल्प भी ले डाले थे। एमएससी की सीमा ने पूरे साल पढ़ने का संकल्प लिया और बी कॉम की रागिनी ने रोज़ सुबह योगा करने की कसम खाई..., राहुल ने साल भर झूठ ना बोलने का संकल्प ले लिया और माधुरी जी ने अपने घरेलू नौकर को बात-बात पर नहीं डांटने का प्रण कर लिया था... 2014 चुपचाप सब सुन रहा था, देख रहा था और गुन भी रहा था।
शिशु अभी जनवरी में चल रहा था, पर तेज़ी से बढ़ रहा था। सारे लोग भी नए वर्ष के बचपन का आनंद रजाई और गद्दों में बैठ कर, मूंगफली और चिक्की खाकर उठा रहे थे। लोहड़ी पर अलाव जलाकर खूब नाच-गाना हुआ और मकर संक्रांति पर सूर्य महाराज के उत्तरायण होने के मौके पर खूब पतंगबाज़ी हुई और खोए-तिल के लड्डू खाए गए।
नव वर्ष को फरवरी लग गई... अब वो रजाई से निकलकर धीरे-धीरे पैरों चलने लगा था। खूब जल्दी बढ़ रहा था 2014 और उतनी ही जल्दी बढ़ रही थी लोगों की उमंगे। बासंती फरवरी में नववर्ष उनके लिए बासंती वैलेंटाइन डे जो ले आया था। उस दिन खूब उत्साह था खास यूथ वर्ग में।  कॉलेजों में रिकॉर्ड उपस्थिति दर्ज की गई। दुकानों से गुलाबों के ढेर के ढेर खरीदे गए। शहर का कोठियों, फ्लैटों की बालकनियों और कॉलेजों के कॉरीडोर्स में लगे गुलाब के पौधों से रातों-रात गुलाब गायब हो गए। जी भर के प्यार बांटा गया... नववर्ष भी खुश था इन खुशियों को देखकर।
इधर मार्च में 2014 ने किशोरावस्था में कदम रखा और उधर आ गया फागुन का त्योहार। लोगों की एक और पसंद- होली की सौगात ले आया था नव वर्ष...
'ढम ढमा ढम ढम...',  " ये भांग का रंग चढ़ा..., अरे देखो देखो, वो रंग से पुता..., यह तो गया भैया, पानी के टैंक में..., आज बच के कहां जाओगे बच्चू, पीछे भी देख लो ज़रा..., यह पड़ा रंग.., वाह भूत लग रहे हो..." .. हर तरफ उमंगे.., होली की रंगीनियों ने वर्ष को रंगीन शुरूआत दे दी। कुछ युवाओँ ने जी भरकर खेली होली, उनके साथ भी जिनके साथ खेलने का केवल ख्बाव देखा था और यादगार बना लिया 2014 को, वहीं कुछ ऐसे भी लोग थे जिन्हें रंगों की बरसात के बदले सैंडलों की सौगात हासिल हुई..., बेचारे मन मसोस कर 2014 को कोस रहे थे।

उधर 2014 सोच रहा था, लो.. होली भी हो ली। अप्रैल में यौवन की दहलीज पर कदम रखा 2014 ने और फिर चला पढ़ाई का दौर। फाइनल एक्ज़ाम की तलवार युवाओं, बच्चों और किशोरों सभी के सर पर लटक रही थी, माता-पिताओं के लिए भी परीक्षा का दौर था। 2014 को मई लगी, तो सबके एक्ज़ाम्स भी निबट चुके थे। और सब एक बार फिर जुट गए थे मस्ती का साधन खोजने में..., "यार, मैं तो इस बार कुल्लू-मनाली जाऊंगा,.. हम लोग शिमला जा रहे हैं इन समर हॉलिडेज़ में..., सब एक साथ किसी हिलस्टेशन पर चलें क्यां..? "..प्लान बन रहे थे और ज़ाहिर हैं इनके अनुसार कदम भी उठाए गए और हिल स्टेशनों पर जाकर खूब धमा-चौकड़ी मचाई गई।
जून पसीना बहाते और बिचली का बिल चुकाते निकला और जुलाई में रिजल्ट निकलने के साथ स्कूल-कॉलेज भी खुल गए। आधी उम्र पार कर चुका था 2014 और अब एक अलग ही माहौल देख रहा था। जो जूनियर थे, सीनियर बन गए, और जो सीनियर थे, नौकरी की तलाश में निकल गए.., और जो नए-नए थे, वो रैगिंग के चक्कर में फंस गए।  अगस्त, सितम्बर, अक्टूबर बस यूहीं कभी शादियां देखते, तो कभी सावन की झड़ी के बीच मस्ताते लोगों को देखते निकल गए। बहुतों को परेशान होते भी देखा...। इस अरसे में बहुत कुछ जाना 2014 ने। अधेड़ावस्था में आया वर्ष तो कितने अनुभवों से भर चुका था उसका मन।
कभी उसे किसी खास वर्ग की चिंता सताती तो  सावन बरस उठता आंखों से, वर्षा की झड़ी लग जाया करती थी। लेकिन यह तो होना ही है, सुख-दुख तो हमेशा ही साथ चलते हैं। अब तो 2014 की उम्र भी ज्यादा नहीं बची थी,तो सोचा क्यों ना जाते जाते एक और खुशी की सौगात लोगों को दे जाऊ...। तो बस अक्टूबर से लगा दिया त्यौहारों का मेला और उम्र के कठिन पड़ाव पर नवम्बर में दीवाली भी ले आया 'नया' साल। दीपों के इस त्यौहार पर चारों तरफ बस दीप जगमगा रहे थे। धूम-धाम, पटाखों की आवाज़ हर तरफ से गूंज रही थी। अमीर भी खुश थे और गरीब भी जिन्हें नववर्ष की इस सौगात पर खूब बख्शीश और त्यौहारी मिली थी।

दिसंबर जो लगा 2014 को तो वो समझ गया कि यह विदाई की घड़ियां हैं। अपनी पूरी उम्र को जो पलट कर देखा तो महसूस हुआ कि यह वहीं लोग हैं जिन्होंने उसके आने की बेहद खुशियां मनाईं थी और अब उसके जाने के इतंजार में बेसब्र हो रहे हैं। उसके आगमन की खुशी में लिए गए संकल्प धूमिल हो चुके थे। साल भर पढ़ने का संकल्प लेने वाली सीमा को पढ़ने का समय ही नहीं मिल पाता था, रागिनी रात में देर तक सोने के कारण कहां सुबह उठ कर योगा के लिए समय निकाल पाती थी, राहुल को एक बार झूठ बोलना पड़ा तो फिर उसने बार-बार बोलने में भी परहेज ना किया और माधुरी जी..., उन्होंने तो लाख चाहा कि नौकर को ना डांटे लेकिन वो नौकर है कि काम ही ऐसा करता है कि डांट निकल ही जाती है मुंह से... ऐसे कितने ही संकल्प टूट कर बिखर चुके थे फिर बनने के लिए।
लेकिन यह तो परंपरा है जो ना जाने कब से चली आ रही है। 2014 के पूर्वज़ो ने निभाई थी, उसे भी निभानी थी। समय के गर्भ से जन्मा था तो मृत्यू भी तय थी। लोग उसे कुछ दें या ना दें, उसे तो जाते-जाते भी खुशियां बांटनी ही थीं। सो चलते चलते, आखिरी सांसे गिनते-गिनते भी ईद और क्रिसमस की सौगात डाल दी लोगों की झोली में उसने।
अब बेहद बूढ़ा हो चला था 2014, रजाई में पड़े पड़े, खटिया पकड़े अंतिम कुछ सांसे गिन रहा था। उसका एक और वंश प्रणेता समय के गर्भ से बाहर आने को तैयार था। कल जो 2013 के साथ हुआ, अब उसके साथ हो रहा था.. लोग फिर तैयार थे उसे विदा देकर नए साल का स्वागत करने को, नए संकल्प लेकर, नई खुशियां लेकर... और आखिर खत्म हुई यह कहानी भी। चला गया 2014 और आ गया 2015 उसकी जगह लेने को... फिर से घूमेगा यह चक्र...2015 को अभी तो बस लोहड़ी लगी है...




Wednesday, 19 November 2014

वो मास्टर स्प्रेयर बनना चाहता है ताकि एक दिन में पांच घरों में पेस्टिसाइड्स का छिड़काव कर सकें और उसकी तन्ख्वाह साढ़े पांच हज़ार से आठ हज़ार रुपए हो जाए... 'एक पेस्ट कंट्रोलर की कहानी'

कुछ ऐसे लोग होते हैं जिन्हें हम शायद लोगों में गिनते ही नहीं। वो भीड़ का हिस्सा भी नहीं होते, बल्कि शायद उनका किनारा होते हैं... भीड़ में सबसे पीछे खड़े लोग जिन्हें भीड़ में भी जगह नहीं मिलती... यह कहानी भी ऐसे ही इंसान प्रदीप की है.. जिनकी इस दुनिया में उपस्थिति को हमने कभी शायद एक सोच भी नहीं बख्शी होगी...


19 साल का प्रदीप, लक्ष्मी नगर दिल्ली की एक पेस्ट कंट्रोल कंपनी में काम करता है- और एक महीने में लगभग 78 घरों में ज़हरीले पेस्टिसाइड्स, इन्सेक्टिसाइड्स और अन्य दवाईयों का छिड़काव करता है, यानि रोज़ लगभग 2 से ज्यादा घरों में।

'पेस्टिसाइड स्प्रेयर' बनना प्रदीप का सपना कभी भी नहीं था। वो तो मधुूबनी, बिहार के अपने गांव से दिल्ली इसलिए आया था कि कहीं चपरासी या कोई और छोटी मोटी नौकरी करके अपनी गुजर कर सके और अपने मां-बाप के पास पैसा भेज सके। 17 साल का प्रदीप यहां अपने एक दूर के रिश्तेदार के भरोसे चला आया था जो कहीं चपरासी की ही नौकरी करता था। प्रदीप जब यहां आकर अपने उस रिश्तेदार से मिला तो हकीकत पता लगी। पता चला कि वो तो दरअसल पेस्ट कंट्रोल कंपनी में काम करता है और घरवालों को झूठ बता रखा है कि कहीं चपरासी का काम करता है। रिश्तेदार ने जब प्रदीप को जिंदगी की कड़वी सच्चाई का आईना दिखाया तो उसने जाना कि नौकरी मिलना कितना मुश्किल है। आखिरकार मिन्नतें करके उसी रिश्तेदार की मदद से  प्रदीप ने खुद को भी एक पेस्ट कंट्रोल कंपनी में लगवा लियां। 



अब यहां काम करते तीन साल होने को आए। एक हरे कपड़े के थैले में ज़हरीले पेस्टिसाइड्स और पीतल की स्प्रे कैन... अब यहीं प्रदीप के साथी हैं। अपने इन औजारों से प्रदीप को बड़ा प्यार है। रोज़ इन्हीं को लेकर प्रदीप आधुनिक, सजे-धजे, दिल्ली, नौएडा, गाज़ियाबाद और गुड़गांव के घरों में जाता है और वहां पेस्टिसाइड्स का छिड़काव करता है।

प्रदीप इन खतरनाक पेस्टिसाइड्स का छिड़काव बिना किसी मास्क या दस्तानों के करता है। प्रदीप का कहना है कि अब यह ज़हरीली दवाईयां मेरी दोस्त बन गई हैं। मुझे इनमें सांस लेने की और मेरे हाथों को इन्हें छूते रहने की इतनी आदत पड़ गई है कि अगर मैं मास्क और दस्तानों का इस्तमाल करूंगा तो शायद मुझे बीमारी हो जाए, वरना तो होने से रही। शुरूआत में एक आध बार बेहोशी जैसा लगता था तो मालिक डॉक्टर को तुरंत बुला देता था। पर अब तो आदत पड़ गई है। 

 वो बताता है कि पैसा ज़रूर कम है लेकिन इस काम में कोई टैंशन नहीं है। महीने में तीन दिन की छुट्टी मिलती है और साढ़े पांच हज़ार की तन्ख्वाह, अगर छिड़काव करवाने वाले घरों से दोबारा कीड़े, दीमक, खटमल आदि पैदा होने की कोई कम्प्लेन्ट महीने भर तक ना आए तो मालिक पांच सौ रुपए ऊपर से ईनाम बतौर देता है। 

अपने रिश्तेदार की तरह अपने घरवालों को अपने काम की सच्चाई प्रदीप ने भी नहीं बताई है, कहता है कि उन्हें पता चलेगा तो बड़ा दुख होगा। गांव में उसके माता-पिता, एक बड़ा भाई हैं। भाई वहीं नौकरी करता है और थोड़ा बहुत खेत है जिससे  मां-बाप का गुज़ारा होता है। प्रदीप चाहकर भी उनके लिए पैसे नहीं भेज पाता। कहता है कि मेरे लिए ही पूरा नहीं पड़ता, उनके लिए क्या भेजूं। 

प्रदीप का सपना है कि वो जल्द ही एक मास्टर स्प्रेयर बन जाए और कम से कम एक दिन में पांच घरों को कवर करने लगे, तब मालिक उसकी तन्ख्वाह में ढाई हज़ार की बढ़ोत्तरी कर देगा और उसे नए लोगों को काम सिखाने का मौका भी मिलेगा और तब शायद कुछ बचे तो वो अपने घरवालों को भेज भी सकता है...।






Sunday, 21 September 2014

ठंडी मौत...? कोल्ड ड्रिंक्स के रूप में धीमा ज़हर पी रहे हैं आप...


-


- हार्वर्ड स्कूल ऑफ पब्लिक हैल्थ की स्टडी से पता चला है कि अति मीठे सॉफ्ट ड्रिंक्स केवल मोटापा ही नहीं बढ़ाते बल्कि जान के दुश्मन भी हैं। मीठे सॉफ्ट ड्रिंक्स का सेवन पूरे विश्व में हर साल लगभग पौने दो लाख (1,80000) लोगों की मौत का कारण बनता हैं। इनके सेवन के चलते हर साल लगभग एक लाख तैंतीस हज़ार लोग डायबिटीज़ के शिकार होकर, लगभग 6000 लोग कैंसर का शिकार होकर और लगभग 44,000 लोग दिल की बीमारियों का शिकार होकर मर जाते हैं। इस स्टडी के परिणामों को अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन की मीटिंग में प्रस्तुत किया गया था। (डेली मेल यूके की 19 मार्च 2013 की रिपोर्ट)

-छत्तीसगढ़ स्थित दुर्ग, राजनन्दगांव और धमतारी जिलों के किसान बताते हैं कि वो अपने चावल के खेतों को कीटों से बचाने के लिए पेप्सी और कोक का इस्तमाल कर चुके हैं जो कि एक सफल प्रयोग साबित हुआ है। किसानों के अनुसार पानी में मिलाकर कोक और पेप्सी का फसल पर छिड़काव करना, कीटनाशकों के प्रयोग से कहीं ज्यादा सस्ता और सुलभ पड़ता है और इससे कीटों से फसल का बचाव भी हो जाता है। (बीबीसी न्यूज, 3 नवंबर 2004 की रिपोर्ट http://news.bbc.co.uk/2/hi/south_asia/3977351.stm )

-कार्बोनेटेड ड्रिंक्स को डायबिटीज़, हायपरटेंशन और गुर्दे की पथरी से जोड़ा गया है। खास तौर से कोला पेय में फॉस्फोरिक ऐसिड होता है जो यूरिनरी बदलाव और गुर्दे की पथरी का कारण बनता है। दिन में दो या ज्यादा कोला पीने से क्रॉनिक किडनी की बीमारी होने का खतरा बढ़ जाता है। रेगुलर कोला और आर्टीफिशियल स्वीटनर वाली कोला दोनों से एक जैसे परिणाम मिलते हैं। (अमेरिकी चिकित्सा शोध पत्रिका पबमेड में 18 जुलाई, 2007 को प्रकाशित, http://www.ncbi.nlm.nih.gov/pubmed/17525693?ordinalpos=1&itool=EntrezSystem2.PEntrez.Pubmed.Pubmed_ResultsPanel.Pubmed_DefaultReportPanel.Pubmed_RVDocSum )

-डेली एक्सप्रेस के मुताबिक जो लोग प्रतिदिन इस तरह के ड्रिंक्स पीते हैं उनमें दिल के दौरे या नाड़ी संबंधी रोग होने की आशंका 43 प्रतिशत तक ज्यादा होती है। शोधकर्ताओं ने अध्ययन के दौरान पाया कि जो लोग प्रतिदिन डायट ड्रिंक्स पीते हैं उनमें दिल के दौरे या नाड़ी संबंधी रोग होने की आशंका 43 प्रतिशत ज्यादा होती है। अध्ययन में यह भी देखा गया कि जो लोग सॉफ्ट ड्रिंक्स कम पीते हैं, उन्हें रोजाना पीने वालों के मुकाबले दिल के खतरे कम होते हैं।

-एक स्टडी में यह दावा भी किया गया है कि दिन में एक लीटर या उससे ज्यादा कोल्ड ड्रिंक पीने से पुरुषों की प्रजनन शक्ति घट जाती है।

उपरोक्त सभी खबरें आपकी प्रिय कोल्ड ड्रिंक्स के विरुद्ध किसी भ्रामक प्रचार या अफवाहों का नतीजा नहीं हैं बल्कि प्रतिष्ठित समाचार पत्रों व शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित खबरें हैं जो बाकायदा शोध के बाद प्रकाशित की गई हैं। जी हां, अगर आप भी कोक, पेप्सी, फ्रूटी, स्लाइस या स्पोर्ट्स ड्रिंक्स के बहुत शौकीन हैं और इन्हें अपने जीवन का अभिन्न अंग बना चुके हैं तो हम आपको बता दें कि आप अपने शरीर को बीमारियों का घऱ बनाने का पूरा इंतज़ाम कर चुके हैं। क्योंकि इन मीठे पेय पदार्थों की शक्ल में दरअसल आप एक धीमा ज़हर खुद-ब-खुद अपनी रगों में पहुंचा रहे हैं। और अगर आपके बच्चे भी इसके शौकीन हैं तो बधाई, आपकी अगली पीढ़ी भी घातक रोगों का शिकार बनने की राह पर कदम रख चुकी है। आप जानना चाहेंगे हम ऐसा क्यों कह रहें हैं, तो पढ़िए यह विस्तृत रिपोर्ट-

-कोल्ड ड्रिंक्स में सोडियम मोनो ग्लूटामेट, ब्रोमिनेटेड बैजिटेबल ऑइल, मिथाइल बेन्जीन और एंडोसल्फान जैसे ज़हर मौजूद होने की भी रिपोर्ट्स मिली हैं।



क्या हैं सॉफ्ट ड्रिंक?
सॉफ्ट ड्रिंक्स नॉन अल्कोहलिक ड्रिंक्स होते हैं अर्थात इनमें अल्कोहल नहीं होता है। इसलिए ये 'सॉफ्ट' होते हैं। सॉफ्ट ड्रिंक्स में कोला, फ्लेवर्ड, वाटर, सोडा पानी, सिंथेटिक फ्रूट ड्रिंक्स, एनर्जी ड्रिंक्स, स्पोर्ट्स ड्रिंक्स आदि आते हैं।

कोला और कोक जैसे कॉर्बोनेटेड ड्रिंक्स क्या हैं?
वो सॉफ्ट ड्रिंक्स जिनके अंदर कार्बन डाईऑक्साइड गैस होती है, उन्हें कॉर्बोनेटेड ड्रिंक्स कहते हैं। इनमें सभी तरह के सोडा, कोक, कोला, पेप्सी आदि शामिल हैं। 


क्या क्या है आपकी सॉफ्ट ड्रिंक में- कभी किसी सोडा कैन, या सॉफ्ट ड्रिंक की बोतल पर उसके इन्ग्रीडिएन्ट्स के बारे में पढ़िएगा तो आपको निम्न प्रमुख इन्ग्रीडिएन्ट्स दिखेंगे- 




शुगर (सुक्रोज और कॉर्न सीरप)- 
एक साधारण कोल्ड ड्रिंक की बोतल में अत्यधिक मात्रा में चीनी होती है जो मोटापा, टाइप बी डायबिटीज़ और मैटाबॉलिक सिन्ड्रोम का कारण बनती है। हाई ब्लड प्रेशर, हाई कॉलेस्ट्रॉल और पेट का मोटापा इससे होने वाली अन्य बीमारियां हैं।

एस्पारटेम (aspartame)- यह डाइट सोडा का मुख्य अंश है जो भूख बढ़ाता है। तो अगर आप डाइट सोडा पीकर कैलोरी लेने से बचने की सोच रहे हैं तो हो सकता है कि इसकी वजह से लगने वाली भूख के कारण आप ज्यादा खाना खा लें और ज्यादा कैलोरीज़ ले लें।

कैरेमल कलर- यह कत्थई रंग होता है जिसमें 2-मिथाइलिमाइडोजोल और 4-मिथाइलिमाइडोजोल (2-Methylimidozole & 4- Methylimidozole ) रसायन होते हैं जिन्हें प्रयोगशाला में चूहों के ऊपर प्रयोग के दौरान फेफड़ों, यकृत और थाइरॉइड कैंसर से संबंधित पाया गया है।

सोडियम- डाइट सोडा में मिलाया जाने वाला अत्यधिक सोडियम, स्ट्रोक के खतरे को बढ़ा देता है।

फॉस्फोरिक ऐसिड
 -कोल्डड्रिंक्स में मौजूद फॉस्फोरिक एसिड सबसे खतरनाक तत्वों में से एक हैं जो हड्डियों की कमज़ोरी और ऑस्टीयोपॉरोसिस का कारण है। कोल्ड ड्रिंक्स में सिट्रिक और फॉस्फोरस एसिड होता है, जिसका ज्यादा सेवन करना सेहत के लिए नुकसानदायक तो होता ही है, साथ ही यह एसिड दांतों के लिए भी नुकसानदायक होता है।

कैफीन- शायद सुनने में आपको अजीब लगे लेकिन कोल्ड ड्रिंक्स में कैफीन एक प्रमुख तत्व होता है जो बच्चों में सिरदर्द, नींद ना आना, चिड़चिड़ापन आदि तकलीफों का कारण हो सकता है।

फ्लेवर एडीटिव्स- शुगर की मात्रा और सोडे की एसिडिटी के अतिरिक्त फ्रूट ड्रिंक्स में डाले जाने वाले फ्लेवर एडीटिव्स दांतो के इनैमल के खराब होने का कारण बनते हैं।




कीटनाशक- इन कोल्ड ड्रिंक्स में हमारे शरीर के लिए हानिकारक कीटनाशकों की मात्रा निर्धारित मानकों से कहीं अधिक होती है।


सॉफ्ट ड्रिंक्स पीने पर सौगात में मिलती हैं ये बीमारियां


मोटापा : सॉफ्ट ड्रिंक्स में कैलोरीज और शुगर की मात्रा बहुत अधिक होती है इसलिए अधिक मात्रा में सॉफ्ट ड्रिंक मतलब मोटापे को निमंत्रण।

टूथ डिके : कोल्ड ड्रिंक्स में मौजूद शुगर एवं एसिड बच्चों के दाँत सड़ने के कई कारणों में से एक हैं। इन ड्रिंक्स में मौजूद एसिड दाँतों के इनेमल को धीरे-धीरे गला देता है।  

हड्डियों को कमजोर करना : कोल्ड ड्रिंक्स में मौजूद फॉस्फोरिक ऐसिड के कारण बच्चों की हड्डियों से कैल्शियम बाहर आता है जिससे उनके बोन्स कमजोर होते हैं। इस ड्रिंक्स में मौजूद अधिक मात्रा में फॉस्फोरस भी कैल्शियम को हड्डियों से बाहर निकालता है जो आगे जाकर ऑस्टियोपॉरोसिस जैसी बीमारी का कारण बनता है।

पेप्टिक अल्सर और पेट के रोग- शीतल पेय पेप्टिक अल्सर को और बढ़ाते है। यदि कोल्ड ड्रिंक्स में मिठास के लिए सैक्रीन का प्रयोग किया गया हो तो यह कैंसर पैदा कर देगा। मधुमेह, जोड़ों के दर्द और उच्च रक्तचाप वालों के लिए कोल्ड ड्रिंक्स बहुत हानिकारक है।

डायबिटीज़, कैंसर और दिल व फेफड़ो के रोग- ऊपर लिखी शोध की रिपोर्ट्स से यह स्पष्ट हो चुका है कि सॉफ्ट ड्रिंक्स इन घातक बीमारियों और कई मामलों में मौत का कारण बनती हैं।

कार्बोनेटेड ड्रिंक्स यानि कार्बन डाई ऑक्साइड के स्त्रोत- हमने बचपन से पढ़ा है कि हमारा शरीर प्राणवायु ऑक्सीजन लेता है और कार्बन डाई ऑक्साइड उत्सर्जित करता है जो शरीर के लिए हानिकारक है। लेकिन इन कार्बोनेटेड ड्रिंक्स के ज़रिए हम कार्बन डाई ऑक्साइड शरीर में ले जाते हैं। अगर आप महसूस करते हों तो कोला, कोक या पेप्सी पीते हीं एक दम से नाक में जलन का अहसास होता है जो सीधे दिमाग तक जाता है। लेकिन फिर भी उसे अनदेखा करके हम इन कार्बोनेटेड ड्रिंक्स को पीने में आनंद लेते हैं।



संसद की कैंटीन में नही मिलते कोल्ड ड्रिंक्स, लेकिन देश में खूब बिक रहा है यह ज़हर

आपको जानकर हैरानी होगी कि इन कोल्ड ड्रिंक्स में कीटनाशकों के अधिक इस्तेमाल की खबर आने के बाद से काफी समय पहले संसद की कैंटीन में इन कोल्ड ड्रिंक्स को बैन कर दिया गया था। लेकिन हैरानी की बात यह है कि पूरे देश में और खासतौर से शिक्षा संस्थानों की कैंटीन में इनकी बिक्री बदस्तूर जारी है जो युवा पीढ़ी को अपना शिकार बना रही है।

'ठण्डा मतलब टॉयलेट क्लीनर, ठंडा मतलब कीटनाशक !'

-ठण्डे पेयों (कोल्ड ड्रिंक्स) का PH मान 2.4 से लेकर 3.5 तक होता है जो कि एसिड की परिसीमा में आता है, रासायनिक रुप से हम घरों में जो टॉयलेट क्लीनर उपयोग में लाते हैं इसका भी PH मान 2.5 से लेकर 3.5 के बीच होता है इसलिए इन कोल्ड ड्रिंक्स को टॉयलेट क्लीनर के रूप में भी प्रयोग में लाया जा सकता है। सामान्य रुप से पानी का PH मान 7.5 के आस-पास होता है जो हमारे पीने के लिये सर्वोत्तम है।

-पोटेशियम सॉर्बेट, सोडियम ग्लूकामेट, कार्बन डार्इ आक्सार्इड जैसे विष इसमें मिलाये जाते हैं। इसके अलावा मेलाथियान, लिण्डेन, डीडीटी जैसे हानिकारक रसायन भी मिलाये जाते हैं जिसके कारण यह कीटनाशक के रूप में भी काम करता है।

अमेरिकी शोध में सामने आया भारत का हाल-

हमारे देश के बारे में अमेरिका की प्रतिष्ठित संस्था इंस्टीट्यूट फॉर हेल्थ मैट्रिक्स एंड इवैल्यूवेशन की ग्लोबल बर्डन ऑफ डिजीज स्टडीज 2010 में कहा गया है कि भारत में 2010 में 95,427 लोगों की मौत की एक बड़ी वजह इन अति मीठे सॉफ्ट ड्रिंक्स का सेवन बना। इन मौतों की दर में 1990 की तुलना में 161 प्रतिशत की वृद्धि हुई है 1990 में सॉफ्ट ड्रिंक्स की लत के कारण 36,591 लोगों ने दम तोड़ा था। 2010 पर आधारित इस रिपोर्ट के अनुसार भारत में कोला पीने के आदी लोगों में से 78,017 दिल की बीमारी की वजह से मरे, 11,314 लोग सॉफ्ट ड्रिंक्स के कारण डायबिटीज के रोगी बन गये जबकि लगभग 6096 कैंसर रोगी बनकर दम तोड़ चुके हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि 1990 में 36,591 लोगों की विभिन्न गैर संक्रामक रोगों से मरने का एक प्रमुख कारण अति मीठे सॉफ्ट ड्रिंक्स थे।

कैसे किया गया था शोध
भारत में 2010 में प्राकृतिक रूप से मरने वाले लोगों के आंकड़े इकठ्ठे किये गये और इसके लिये मौत की वजह की सभी उपलब्ध जानकारियाँ जुटाई गईं असमय मौत के मामलों में उम्र, लिंग और क्षेत्र के विश्लेषण में 67 अलग-अलग रिस्क फैक्टर्स को अति मीठे सॉफ्ट ड्रिंक्स पीने की आदत से मिलान किया गया और उनकी तुलना 1990 और 2010 के आंकड़ों से की गई। ब्रिटेन की प्रतिष्ठित मेडिकल जन लैंसेट में में प्रकाशित रिपोर्ट से भी आंकड़े और जानकारियों को इस शोध में शामिल किया गया था। 


कंपनियों ने कहा गलत है रिपोर्ट
हांलाकि इस रिपोर्ट के विरोध में भारतीय कोला कंपनियों के पैरोकार संगठन इंडियन बेवरेज एसोसिएशन ने कहा था कि अति मीठे सॉफ्ट ड्रिंक्स से होने वाली मौतों की रिपोर्ट सही नहीं है इस रिपोर्ट से सिर्फ आम लोगों में भ्रम फैलाने का प्रयास किया गया है। अब यह बात अलग है ये कंपनियां इस शोध की कोई मज़बूत काट प्रस्तुत नहीं कर पाईं।

अमिताभ बच्चन ने सॉफ्ट ड्रिंक का विज्ञापन करना बन्द किया

अमिताभ बच्चन ने आईआईएम, अहमदाबाद में एक व्याख्यान के दौरान बताया था कि उन्होंने सॉफ्ट ड्रिंक का विज्ञापन करना बंद कर दिया है। इसका कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि जयपुर में उनसे एक लड़की ने पूछा था कि जिस सॉफ्ट ड्रिंक को उनकी टीचर ने 'जहर' बताया है, वह उसका विज्ञापन क्यों करते हैं? लड़की के सवाल पर अमिताभ बच्चन निरुत्तर हो गए। लेकिन इस घटना ने उन्हें सोचने को मजबूर कर दिया और इसके बाद उन्होंने सॉफ्ट ड्रिंक का विज्ञापन करना बंद कर दिया- 'लोगों के दिमाग में यह छवि थी...इसलिए मैंने पेप्सी को इंडॉर्स करना बंद कर दिया।' 





आप भी करें यह प्रयोग- अगर आपको हमारी बातों पर यकीन नहीं तो आप खुद घर पर एक छोटा सा प्रयोग करके देखें। कोक या पेप्सी की बोतल लाईए और उसमें थोड़ा सा दूध मिला दीजिए। इसे दो तीन घंटो के लिए ऐसे ही छोड़ दीजिए। दो-तीन घंटों के बाद आप देखेंगे की बोतल की तली में सफेद मोटी कीचड़ जैसी चीज़ जमा हो जाती है जबकि ऊपर विरल और हल्के रंग का पेय दिखने लगता है।साधारण भाषा में कहें तो ऐसा इसलिए होता है कि कोक में मौजूद फॉस्फोरिक एसिड दूध के कैल्शियम को बाहर निकाल देता है। सोचिए ऐसा ही हाल ज्यादा मात्रा में कोल्ड ड्रिंक्स पीने पर शरीर में मौजूद हड्डियों के कैल्शियम का भी होता है। आप इसके बारे में गूगल पर भी पढ़ सकते हैं।


तकनीकी विकास से जुड़ा है हमारा क्रमिक विकास

भास्कर में छपा यह छोटा सा समाचार दरअसल विकास और संचार दोनों की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण है। तकनीक हमारी भाषा ही नहीं, आदतें, योग्यताएं,...