Tuesday, 19 November 2013

विशुद्ध ऊर्जा का रूप हैं विचार... और सोच पर टिकी हैं खुशियां....?

क्या हम खुद अपने भाग्य के निर्धारक हैं? क्या खुश रहना या दुखी रहना पूरी तरह से हमारे हाथ में है? क्या परिस्थितियों का इसमें कोई हाथ नहीं? क्या हम चाहे तो सिर्फ अच्छी सोच रखकर विपरीत परिस्थितियों को अपनी ओर कर सकते हैं और खुश रह सकते हैं.....?
कुछ समय पहले जब मैं काफी तनाव से गुज़र रही थी, मेरी एक दोस्त ने मुझे एक प्रसिद्ध किताब के बारे में बताया.."सीक्रेट्स"... और उसे पढ़ने के लिए कहा। किताब तो खैर मैं नहीं पढ़ पाई लेकिन उस किताब के बारे में काफी कुछ पढ़ा और जो वो किताब कहती है काफी हद तो वो मेरे समझ में आ गया। जब मैंने उसके बारे में सोचा तो मुझे काफी बाते सही लगी। मैंने जाना कि दरअसल हम ही अपनी खुशी और दुख के ज़िम्मेदार हैं। और जो हम इस दुनिया को देते हैं हमें वहीं वापस मिलता है.....। इन निष्कर्षों से पहले मैं यह बताना चाहती हूं कि उस किताब के ज़रिए क्या बातें मैंने जानी और समझी...

1. हमारी सोच दरअसल विशुद्ध ऊर्जा होती है। जो कुछ भी हम सोचते हैं वो मन के द्वारा निस्तारित ऊर्जा का रुप होता है जो हमारे द्वारा इस यूनिवर्स में पहुंचती है। अगर हम कुछ अच्छा सोचते हैं तो पॉजिटिव एनर्जी यानि धनात्मक ऊर्जा का प्रवाह करते हैं और अगर कुछ बुरा सोचते हैं नैगेटिव एनर्जी यानि ऋणात्मक ऊर्जा इस यूनिवर्स को देते हैं।

2. न्यूटन के क्रिया प्रतिक्रिया नियम के अनुसार हम जो भी देते है हमें उतने ही बल से वहीं चीज़ वापस मिलती है। मतलब अगर हमने नेगेटिव एनर्जी इस यूनिवर्स को दी तो यूनिवर्स उतने ही फोर्स से उतनी ही नेगेटिव एनर्जी हमें वापस करता है और अगर हम पॉजिटिव ऊर्जा इस यूनिवर्स को दें तो बदले में हमें भी पॉजिटिव ऊर्जा ही मिलती है।

3. जिसे हम भगवान कहते हैं वो दरअसल यह ब्रह्मांड है जो हर पल हमारे हमारे शरीर के और हमारी सोच के साथ सामंजस्य में रहता है, या यूं कहें कि कम्यूनिकेट करता रहता है...ऊर्जा का आदान प्रदान और प्रवाह एक तरफ से दूसरी तरफ लगातार चलता रहता है और इस तरह हम लगातार ब्रह्मांड से जुड़े रहते हैं।

4. हमारी सोच चूंकि ऊर्जा का रूप है इसलिए वो ऊर्जा को आकर्षित करती है। अगर हम यह सोचकर दुखी होंगे कि हमारा जीवन परेशानियों से भरा है, या हमारे पास सीमित साधन हैं तो यूनिवर्स में ऐसी ही एनर्जी जाएगी और वो हमें नेगेटिवली ही रिस्पॉन्ड करेगा और दरअसल हमें परेशानियां ही देगा। लेकिन इसके विपरीत अगर हम यह सोचना शूरू कर दें कि हम तो सर्वसम्पन्न हैं और हमारे जीवन में खुशियां हैं तो हमारी सोच के रूप में पॉजिटिव एनर्जी इस यूनिवर्स में जाएगी और बदले में हमें खुशियां ही मिलेंगी।

5. अगर हम चाहें तो सिर्फ पैसे के बारे में सोचकर और विश्वास रखकर कि हम सम्पन्न हैं, सम्पन्न बन सकते हैं। जिस तरह समान चीज़े समान चीज़ों को आकर्षित करती हैं, उसी तरह खुशी और सम्पन्नता की सोच खुशियों  और धन को, जबकि दुख और गरीबी की सोच दुखों और विपन्नता को आकर्षित करती है।

6.भाग्य, दुर्भाग्य और कुछ नहीं हमारी सोच और इस सोच के रूप में जैसी ऊर्जा हम ब्रह्मांड को दे रहे हैं, उसी का खेल है। कितनी ही बार ऐसा होता है कि हम अच्छा सोचते हैं और हमारे साथ दरअसल अच्छा हो जाता है और कितनी ही बार सबकुछ अच्छा होते जाने पर भी एक विपरीत बात दिमाग में आ जाने पर हमारे साथ गलत हो जाता है।

7. यह समस्त ब्रह्मांड और इसमें व्याप्त हर एक चीज़ ऊर्जा का बहुत बड़ा भंडार है और इससे ही हमें ऊर्जा मिलती है। बात सिर्फ इतनी सी है कि हम अपनी सोच के रूप में कौन सी ऊर्जा की कामना इस ब्रह्मांड से कर रहे हैं। धन, गरीबी, भाग्य, दुर्भाग्य, बीमारियां... यह सबकुछ और कुछ नहीं, हमारी अपनी सोच का आविर्भाव या प्रत्यक्षीकरण अथवा अंग्रेजी में कहें तो मैनिफेस्टेशन है। जो हमने मांगा वो हमें मिल गया.....।

इच्छाशक्ति या डिटरमिनेशन इसे ही कहते हैं। जिस समय हमारे मन में किसी चीज़ को पाने की प्रबल इच्छा होती है तो हम बार बार उसी के बारे में सोचकर यह ऊर्जा ब्रह्मांड को भेजते हैं और ब्रह्मांड उस चीज़ को हमसे मिलाने की कोशिश में लग जाता है...। और अगर थोड़ा गूढ़ होकर सोचे तो बात सारी विश्वास पर आकर टिकती है। विश्वास है तो सबकुछ है और विश्वास नहीं तो कुछ भी नहीं।

आपको शायद घुमाने वाली बातें लगें, लेकिन यह वो महत्वपूर्ण बातें हैं जिनका जीवन में महत्व तब पता चलता है जबकि आप उन पर अमल करना शुरू कर देते हैं। पहले तो मुझे इन बातों पर यकीन नहीं हुआ लेकिन जब मैंने इनपर अमल करके पॉजिटिव सोच रखनी शुरू की तो यकीन मानिए मेरे साथ दरअसल अच्छा होना शुरू हो गया।

हममें से कोई भी विश्वास के साथ नहीं कह सकता कि यह बातें सच हैं और इनका कोई असर किसी पर होता है लेकिन यह भी सच है कि पॉजिटिव सोच रखने के बहुत फायदे हैं। यह शायद हर इंसान ने महसूस किया होगा कि हर चीज़ चाहे वो अच्छी हो या बुरी, सभी के दो पहलू होते हैं। और अगर हम ध्यान से और बिना बायस हुए देखें तो इन दोनों पहलूओं को देख सकते हैं। यहां बात सिर्फ बुरे पहलू को नज़रअंदाज़ करके अच्छे पहलू पर ध्यान देने की है। और यह कोई मुश्किल काम नहीं। जो हो चुका है उसे तो हम नहीं बदल सकते लेकिन जो हुआ है उसके धनात्मक पहलू पर अपनी सोच रूपी ऊर्जा को केन्द्रित करने से अगर कुछ अच्छा हो जाए तो कोशिश करने में क्या हर्ज है...




Wednesday, 9 October 2013

एक देसी दशहरा मेले की सैर...

कितना वक्त हो गया आपको किसी मेले में गए हुए...? ..यहां मैं लायन्स क्लब या आरडब्ल्यूए, या मंदिर समिति या किसी समाजसेवी संस्था द्वारा आयोजित मेले में जाने की बात नहीं कर रही हूं जिनकी दिल्ली जैसे महानगरों में त्यौहार आते ही बाढ़ आ जाती है और जहां ब्रांडेड खाना, ब्रांडेड खिलौने, महंगे झूलों, स्टेज पर हो रहे सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सज संवर कर आए लोगों का हुजूम होता है....। यहां बात उन मेलों की हो रही है जिन्हें दिखाने के लिए बचपन में हम अपनी मम्मी-पापा से ज़िद किया करते थे और खूब भीड़-भाड़ वाले ऐसे मेलों में वो हमें ले जाते थे। वहां बहुत सी ऐसी चीज़े होती थी जो आज के सुसभ्य और सुसंस्कृत मेलों से गायब हो चुकी हैं।
खैर कल मेरे बेटे की ज़िद पर हम लोग उसके स्कूल के रास्ते में लगने वाले ऐसे ही एक मेले में गए। और यकीन मानिए जब हम उस मेले में गए तो बहुत सी तो पुरानी यादें ताज़ा हो गई और बहुत सी चौंकाने वाली चीज़े भी दिखी...

आदर्श रामलीला कमेटी द्वारा आयोजित इस दशहरा महोत्सव मेले का आयोजन पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके में चांद सिनेमा के पास हर साल किया जाता है। यह मेला दिल्ली की एलीट सोसाइटी के लिए नहीं है क्योंकि इसमें ज्यादातर त्रिलोकपुरी निवासी, शशि गार्डन निवासी या सीधे शब्दों में कहें तो निचले तबके के लोग आते हैं। इसलिए यह मेला भी दिल्ली के इलीट मेलों से बिल्कुल अलग था बिल्कुल देसी और देहाती टाइप मेला था। यहां दर्शक वर्ग भी वैसा ही था।

 यहां हमें बहुत सी ऐसी चीज़े देखने को मिली जो अब या तो मेलो से गायब हो चुकी है या फिर कस्बाई इलाकों या छोटे शहरों के मेलों में ही देखने को मिलती हैं,और कुछ ऐसी भी जो बदलते समय के साथ इनमें शामिल हो गई हैं लेकिन जो कभी भी इन मेलों की पहचान नहीं रहीं...।

यह देखिए फूलों की बैकग्राउन्ड में तस्वीर खिंचवाता एक परिवार। इस मेले में अलग अलग बैकग्राउन्ड के साथ तस्वीरे खिंचवाने की व्यवस्था की गई थी। जैसे मोटरसाइकिल के साथ, कार के साथ, पहाड़ी बैकग्राउन्ड में या फिर रेगिस्तानी बैकग्राउन्ड में। 50 रुपए में अपने मनपसन्द स्टाइल में तस्वीरे खिंचवाओं और 15 मिनट में उस तस्वीर को ले जाओ। आपके घर में पापा, मम्मी, दादा या दादी की ऐसी कोई ना कोई तस्वीर ज़रूर होगी...। आजकल भले ही हमें ऐसी तस्वीरे देखकर हंसी आएं लेकिन एक ज़माने में इन तस्वीरों का ज़बरदस्त क्रेज़ हुआ करता था।


और यह  रंग-बिरंगे गुब्बारों पर निशाने लगाने वाला खेल। पहले पांच रुपए में पांच बार निशाना लगाते थे लेकिन अब महंगाई के कारण 10 रुपए में चार निशाने लगाने को मिलते हैं। यह निशाने मैंने भी बचपन में खूब लगाए हैं, आप सबने भी लगाए होंगे, वरना आपके मम्मी-पापा ने तो शर्तिया लगाए होंगे। आज के मेलों से यह निशाने वाले रंगीन गुब्बारे लगभग गायब हो गए हैं। लेकिन यकीन मानिए इन गुब्बारों पर लंबी नाल वाली बंदूक से निशाना लगाने में बड़ा मज़ा आता है। कभी मौका मिले तो लगा कर देखिएगा।


यहां का एक मुख्य आकर्षण था मौत का कुंआ। यह लकड़ी की खपच्चियों से बनी विशाल कुंए जैसी आकृति होती है जिसकी गोल दीवारों पर ऊपर तक मोटरसाइकिलें और कारें दौड़ती हैं।बीस रुपए की टिकिट में मौत के कुंए का यह खेल देखने का रोमांच आपको शानदार एक्शन फिल्म देखकर भी नहीं मिलेगा। इस कुंए में मोटरसाइकिल दौड़ाने के लिए तो हिम्मत चाहिए ही लेकिन देखने के लिए भी बहुत हिम्मत की दरकार है। गोल गोल चलती हुई मोटरसाइकिल और कारें कई बार ऊपर दर्शकों के पास तक आ जाती हैं और अगर आप खुश होकर इन्हें पैसे देना चाहें तो यह जांबाज खिलाड़ी ऊपर रेलिंग तक आकर आपके हाथ से खुद वो ईनाम ले जाते हैं।

 और यह हैं इस मेले की सबसे ज्यादा चौंकाने वाली चीज़ जो मैंने पहले कभी किसी मेले में नहीं देखी थी। यह है एम के बूगी बूगी संस्कृत आदर्श कला केंद्र का पंडाल। था तो यह आदर्श कला केंद्र लेकिन दरअसल यहां कोमल धमाका के नाम से दस मिनट तक फिल्मी गानों पर मॉडल जैसी दिखने  वाली लड़कियों द्वारा डांस किया जा रहा था।  20 रुपए की टिकिट लेकर अंदर जाने की इजाज़त सिर्फ पुरुषों को थी। किसी भी महिला को पंडाल में जाना मना था।
आयोजक दर्शकों को आकर्षित करने के लिए विशेष तरीका अपना रहे थे। जब पंडाल पूरा भर जाता था और नाचने के लिए मॉ़डल आ जाती थी तो ज़रा सा पर्दा हटा दिया जाता था ताकि बाहर खड़ी भीड़ को उसकी झलक मिल जाए और फिर एक मिनट में ही पर्दा खींच दिया जाता था। कुछ कुछ टीज़र एडवर्टाइज़िंग जैसा...। इस पंडाल के बाहर सबसे ज्यादा भीड़ थी। सारे शो हाउसफुल जा रहे थे और यहां बहुत से पुलिसवाले भी जमा थे। सीटियों और तालियों की आवाज़े बाहर तक आ रही थीं।
वैल... मुझे कहना पड़ेगा कि यह पुराने तरह के मेलों में एक नई उपस्थिति है क्योंकि मैंने बचपन में देखे किसी भी मेले में ऐसे पंडाल नहीं देखे।
    यह है रिंग फेंककर ईनाम जीतने वाला गेम। यह खेल तो बहुत आम है और बहुत मज़ेदार भी। आप सभी ने खेला होगा। यहां 20 रुपए में तीन बार रिंग्स फेंकने का मौका मिल रहा था। जो भी चीज़ आपकी रिंग में आ गई वो आपकी। ध्यान से देखिए यहां पीछे की तरफ एक सौ रुपए की गड्डी भी रखी है। यानि 20 रुपए में 100 रुपए की गड्डी जीतने का मौका...।

इसके अलावा भी यहां बहुत से ऐसे खेल थे जिनमें हर किसी को खेलने और जीतने का मौका मिलता है। जैसे बॉल मारकर गिलास गिराने का खेल, नंबर की सीरीज बनाने का खेल, माचिस से मोमबत्ती जलाने का खेल.. इत्यादि। यहां झूलों की भी कोई कमी नहीं थी और जाइन्ट व्हील तो इतना ज्यादा जाइंट था कि बैठने के ख्याल से ही डर लगने लगे।
कोलम्बस, मैरी गो राउंड, ड्रैगन ट्रेन जैसे लगभग सारे झूले यहां थे और हर झूले कि टिकिट थी मात्र 20 रुपए। यहां एक मैजिक शो भी था जिसमें देखते देखते एक लड़की नागिन में बदल जाती है। मैं वो शो भी नहीं देख पाई क्योंकि हाउसफुल था और साथ ही एक शीशों का घर जिसमें तरह तरह के शीशे लगे थे जो आपको अलग अलग शेप और शक्ल का दिखाते हैं।



Tuesday, 8 October 2013

तब लोगों ने तंदूर का खाना तक खाना छोड़ दिया था...

तब मैं शायद नाइन्थ में थी। आज भी याद है, मैं स्कूल जाने के लिए तैयार हो रही थी कि अचानक पापा की तेज़ आवाज़ सुनाई दी..".हद हो गई यह तो। पत्नी को मारकर तंदूर में जला दिया...।" जब यह शब्द कानों में पड़े तो तुरंत पापा के पास आई। वो अमर उजाला का दूसरा पेज पढ़ रहे थे जिस पर पूरी खबर विस्तार से छपी थी। नैना साहनी, सुशील शर्मा और 'उस' तंदूर की फोटो छपी थी। जब पापा ने पेपर छोड़ा तब मैंने उस घटना को पूरा पढ़ा। पेपर में पूरी घटना विस्तार से ब्लैक एंड व्हाइट फोटो के साथ छपी थी। उसमें लिखा था कि कांग्रेसी नेता ने अपनी पत्नी के टुकड़े करके अपने ही रेस्टोरेंट के तंदूर में जला दिए...

इतना खतरनाक और वीभत्स हत्याकांड था यह जिसके बारे में इससे पहले ना तो मैंने कभी पढ़ा था और ना ही सुना था। जब मैं स्कूल पहुंची तब भी दो अध्यापिकाएं इसी के बारे में चर्चा कर रही थीं। तब चौबीस घंटे वाले बहुत सारे न्यूज़ चैनल्स नहीं होते थे सिर्फ दूरदर्शन पर रात को न्यूज़ आती थी इसलिए अधिकतर लोगों को सारी डिटेल्स अखबार पढ़कर ही पता चलती थी और इसके बावजूद यह खबर आग की तरह फैली थी।

काफी दिनों तक यह खबर अखबार की सुर्खियों में रही।  इसे तंदूर कांड का नाम दे दिया गया था।मुझे अच्छी तरह से याद है कि इस खबर को पढ़ने के बाद लोगों को तंदूर से घृणा हो गई थी। अखबार में अक्सर यह खबरे छपती थी कि बहुत सारे लोगो ने तो तंदूर का खाना खाना ही छोड़ दिया था।

तब तक जहां तक मुझे याद है इस बात का जिक्र ज्यादा नहीं था कि सुशील शर्मा ने नैना साहनी की पहले गोली मार कर हत्या की थी। बस तंदूर में टुकड़े करके जलाने का जिक्र था। जो बड़े ठंडे दिमाग और क्रूरता से हत्या के साक्ष्य मिटाने के लिए किया गया था। इस मामले में उसके रसोईए और मैनेजर का भी जिक्र था जिन्होंने इस काम में उसकी सहायता की थी।

पति द्वारा इस क्रूरता से अपनी पत्नी को मारने के कारण तो यह केस सुर्खियों में था ही इसके अलावा जो एक और बात थी वो यह कि नैना साहनी पायलट का प्रशिक्षण ले चुकी थी। विदेश में रह चुकी थी। मतलब वो एक आधुनिक और पढ़ी लिखी महिला थी जिसने अपनी मर्ज़ी से प्रेमविवाह किया था। और सुशील शर्मा कांग्रेसी नेता था। यानि दोनों ही सभ्य, पढ़े लिखे और आधुनिक समाज का प्रतिनिधित्व करते थे और सभ्य समाज मे इस तरह की क्रूरता पहली बार सामने आई थी।

और मैं आपको बता दूं कि उस समय नेताओं के भ्रष्टाचार, दुर्वव्यवहार, हत्याओं और अपराधों के मामले इतने आम नहीं हुआ करते थे जितने कि आज होते हैं और हर दूसरे दिन हम किसी अपराध में किसी नेता की भूमिका के बारे में सुनते हैं। इसलिए भी यह मामला बेहद अहम हो गया था क्योंकि इसमें एक युवा कांग्रेसी नेता की भूमिका थी।

 तब हर मीटिंग, किटी पार्टी और और गली मोहल्लों और पान की दुकानों पर होने वाले गॉसिप्स में यह केस ही डिस्कस हुआ करता था और लोग इस तंदूरकांड से इतने दहशतजदां थे कि तंदूर का खाना खाना पसंद नहीं करते थे।


वो आते हैं...


-बेबी जी आप ऑपरेशन के लिए चली जाईए, क्यों बार बार नर्स को वापस भेज रही हैं...?
-पहले मॉम को आने दो, उन्होंने प्रॉमिस किया था वो ऑपरेशन से पहले मुझसे मिलने आएंगी। वो आएंगी तभी मैं ऑपरेशन के लिए जाऊंगी। रात से वेट कर रही हूं। 
-लेकिन बेबी जी, आपके शरीर में सैप्टिक फैल सकता है, आपका ऑपरेशन होना ज़रूरी है। मालकिन को दिल्ली से आने में देर लग सकती है। मान जाईए बेबीजी, कहते हुए गोपाल काका की आंखे छलक आईं...
-कहा ना नहीं जाऊंगी, आज मम्मी को ही आना पड़ेगा, चाहे मैं मर जाऊं पर उनसे मिलने के बाद ही जाऊंगी। ... कहते हुए सिमरन ने मुंह फेर लिया।

गोपाल काका रोते हुए बाहर आए। सामने से महेश बाबू आते दिख गए। "बाबूजी आप आ गए। बेबी जी से मिल लीजिए, उन्हें अब तो बताना ही पड़ेगा, वो ऑपरेशन के लिए नहीं जा रहीं...."
-लेकिन यह नहीं हो सकता गोपाल, सिमरन कमज़ोर है हम उसे नहीं बता सकते...

तभी रूम का दरवाज़ा खुला और सिमरन स्ट्रैचर पर बाहर आती दिखाई दी। पास से गुज़री तो पापा और गोपाल काका को देखकर बोली... मैंने कहा था ना, मम्मी आएंगी। वो मुझसे मिलकर चली गईं।  
क्या....! गोपाल काका और महेश बाबू दोनों अवाक... ऐसा कैसे हो सकता है..
“अभी-अभी तो महेश बाबू श्यामली की बॉडी को आग देकर आ रहे हैं...पुलिस वाले बता रहे थे, वो अस्पताल पहुंचने की जल्दी में गाड़ी बहुत तेज़ चला रही थी... ट्रक ने टक्कर मारी तो वहीं उसकी तुरंत मौत हो गई... फिर वो कैसे आ सकती है... ?????”
तभी गोपाल का हाथ महेश बाबू के हाथों को दबाने लगा, …....ऐसा होता है बाबूजी, कभी कभी लोग मरने के बाद भी जा नहीं पाते, कोई काम अधूरा रह जाता है...मालकिन भी शायद इसलिए आई होंगी एक बार... ताकि बेबी जी की जान बच सकें...

नज़रिया

सीन-1- त्रिपाठी जी का घर
-चलो जल्दी तैयार हो जाओ। डॉक्टर साहब को वेट कराना अच्छा नहीं लगता। 
-उनके लिए क्या ले चलें? केले ठीक रहेंगे...?
-अरे क्या बात करती हो। केले जैसे सस्ते फल ले जाना अच्छा लगता है क्या इतने बड़े आदमी के घर। सेब और अंगूर लेलो और एक किलो मिठाई भी ले लेना। दोस्त अब बड़ा आदमी हो गया है, उसके घर ढंग से जाएंगे। 
(दो महीने बाद)
सीन-2 डॉक्टर साहब का घर
-इतनी जल्दी क्यों तैयार हो गए? आराम से चलेंगे। और उनके लिए केले ले लेना वो हमेशा कुछ ना कुछ लेकर आते हैं। हम खाली हाथ जाएंगे तो अच्छा नहीं लगेगा।
-लेकिन केले, अच्छे लगेंगे क्या। कोई ढंग के फल या मिठाई ले लेते हैं। फिर आपके इतने पुराने दोस्त से होली मिलने जा रहे हैं।
-ठीक है यार। इतना मत सोचो। ऐसी कोई बहुत बड़ी चीज़ नहीं है वो। उसके घर जा रहे हैं यहीं कम हैं क्या।

यथार्थ....

-श्यामली याद है, अरे वो कॉलेज की मोस्ट स्टायलिश गर्ल...।

-श्यामली...(नाम लेते ही पीयूष के दिमाग में कॉलेज की तस्वीर ताज़ा हो गई। श्यामली- सांचे में ढला फिगर, लंबे, घने बाल, बड़ी- बड़ी आंखे, खूबसूरत मुस्कान... सभी उसको पसंद करते थे। वो खुद भी उससे शादी करना चाहता था, पर वो कह भी नहीं पाया और ग्रेजूएशन के तुरंत बाद उसकी शादी हो गई)... हां हां याद है। बिल्कुल याद है। 
-इन पांच सालों में दुनिया बदल गई उसकी। डेढ़ साल में एक्सीडेंट में हसबेंड की डेथ हो गई। ससुराल वालों ने घर से निकाल दिया। चार साल से छोटी-मोटी नौकरियां करके खुद और अपने बेटे को पाल रही है। तुम तो बड़े ओहदे पर हो, उसकी कहीं नौकरी लगवा दो...
-हां हां क्यों नहीं, मेरी ही सेक्रेटरी की जगह खाली है। तन्ख्वाह भी अच्छी मिलेगी। कल बुला लो उसे। 

(दूसरे दिन श्यामली से मिलने की खुशी में पीयूष जल्दी ऑफिस पहुंच गया।) 

बारह बजे श्यामली आई। पांच सालों में काफी मोटी हो चुकी थी। पति के गुज़रने के बाद रोज़ी रोटी कमाने की फिक्र में लगी श्यामली के चेहरे पर समय से पहले झुर्रिया दिखने लगी थी। खूबसूरत हंसी की जगह उदासी भरी फीकी मुस्कान ने ले ली थी। पतली सी चोटी और साधारण सूती साड़ी में श्यामली पीयूष की यादों से बिल्कुल अलग, बेहद आम दिख रही थी। शानदार ऑफिस में असहज बैठी 
श्यामली सकुचाते हुए बोली- कल सीमा का फोन आया था। बता रही थी तुम मुझे अपने यहां सेक्रेटरी रख लोगे....?

पीयूष- हां मैंने सोचा था, लेकिन मेरे बॉस ने मना कर दिया। कहा तुम्हारी क्वालिफिकेशन नहीं हैं...। मुझे कुछ काम है तुम चाय पीकर जाना....(आंखे चुराते हुए पीयूष निकल गया)

Saturday, 14 September 2013

दो बूंद ज़िंदगी की..या दो बूंद अपंगता की...?


पोलियो टीकाकरण अभियान में भाग लीजिए, बच्चों को दीजिए बस दो बूंद ज़िंदगी की... आपने बहुत बार बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन को टीवी पर यह संदेश देते सुना होगा। लगभग दो दशकों से भारत को पूर्ण रूप से पोलियो मुक्त देश बनाने के लिए पोलियो टीकाकरण अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है। साल में दो बार या कभी तीन या चार बार ओरल पोलियो की दो बूंदे पिलाने का अभियान चलाया जाता है जिसमें पूरे देश के लोग बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेते हैं। देश पोलियो मुक्त राष्ट्र बनने जा रहा है। पिछले दो सालो से भारत में एक भी पोलियो का मामला नहीं आया.....यह सब बहुत लुभावनी बातें है लेकिन इन सबके पीछे एक बेहद खतरनाक सच्चाई छिपी है।
 क्या आप जानते हैं कि भले ही हिन्दुस्तान में पोलियो खत्म हो रहा है लेकिन पोलियो से मिलती-जुलती, लेकिन उससे कहीं ज्यादा खतरनाक  "नॉन पोलियो एक्यूट फ्लैसिड पैरालिसिस (एएफपी)" के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं और जिसका कारण पोलियो टीकाकरण अभियान के तहत बच्चों को पिलाई जा रहीं पोलियो वैक्सीन की वो दो बूंदे हैं जिनमें कमज़ोर लेकिन ज़िन्दा पोलियो वायरस उपस्थित रहता है। 
2012 में प्रकाशित एक रिसर्च पेपर में यह साफ किया गया है कि भारत के बच्चों को दी जा रही पोलियो वैक्सीन के बढ़ने के अनुपात में ही एक्यूट फ्लैसि़ड पैरालिसिस के मामले भी लगातार बढ़ रहे हैं।

क्या है नॉन पोलियो एक्यूट फ्लैसिड पैरालिसिस

नॉन पोलियो एक्यूट फ्लैसिड पैरालिसिस यानि एएफपी, पोलियो की तरह ही एक बीमारी है जो नर्वस सिस्टम पर हमला करके व्यक्ति के शरीर के अंगो को जीवन भर के लिए लकवाग्रस्त कर देती है और बहुत से मामलों में मौत का भी कारण बनती है। इसके प्रभाव पोलियो से मिलते जुलते हैं लेकिन वास्तव में यह पोलियो से कहीं ज्यादा घातक और अनियंत्रित बीमारी है।  फिलहाल भारत में विश्व में सबसे ज्यादा नॉन पोलियो एएफपी के मामलों की दर दर्ज की गई है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के आंकड़े गवाह हैं-

विश्व स्वास्थ्य संगठन के राष्ट्रीय पोलियो सर्विलांस प्रोजेक्ट के आंकड़ों के मुताबिक
  •  वर्ष 2003 में भारत में लगभग आठ हज़ार एएफपी के मामले  दर्ज किए गए
  • इसके अगले साल यह आंकड़ा 12,000 मामलों तक पहुंच गया
  •  2005 में 26,000 और 2007 में 40,000 से भी ज्यादा इस तरह के मामले भारत में देखने को मिले 
  • जबकि 2011 में 60,000 से ज्यादा नॉन पोलियो एएफपी के मामले सामने आए।
  • भारत में इस तरह के सबसे ज्यादा मामले बिहार और उत्तर प्रदेश में दर्ज किए गए हैं
  •  2012 में पूरे देश में पाए गए 53,000 एएफपी के मामलों में 61 फीसदी मामले बिहार और उत्तर प्रदेश से थे
  • फिलहाल भारत में अनुमान से 12 फीसदी ज्यादा एएफपी के मामले हैं और ओरल पोलियो वैक्सीन की लगातार बढ़ती खुराकों के अनुपात में हैं।
  • 2011 में भारत में चलाया गया पोलियो मुक्ति अभियान साढ़े सैंतालीस हज़ार पोलियो टीका प्रेरित पक्षाघात (पोलियो वैक्सीन इंड्यूस्ड पैरालिसिस) से हुई मौतों का कारण बना।

यह डाटा ऑनलाइन उपलब्ध है इसमें साफ दिख रहा है कि एक्यूट फ्लैसिड पैरालिसिस की दर विभिन्न क्षेत्रों में वितरित पोलियो वैक्सीन खुराकों के सीधे अनुपात में है

पोलियो टीकाकरण अभियान के साथ बढ़ रही हैं बच्चों में पोलियो जैसी बीमारी 

इंडियन जर्नल ऑफ मेडिकल एथिक्स में सेंट स्टीफन्स अस्पताल, दिल्ली की डॉक्टर नीतू वशिष्ठ और डॉक्टर जैकब पुलियल द्वारा प्रकाशित एक ताज़े रिसर्च पेपर ने पूरे विश्व में हंगामा कर दिया। इस पेपर में बताया गया है कि जितनी तेज़ी से बच्चों को ज़िदंगी की दो बूंदे दी जा रही है उतनी ही तेज़ी से पोलियो जैसी घातक बीमारी एक्यूट फ्लैसिड पैरालिसिस फैल रही है।  2011 में हज़ारो पोलियो जैसी बीमारी के मामले उन बच्चों से जुड़े हुए थे जिन्होंने इस साल पोलियो की बार-बार खुराके ली थी।

इस रिसर्च के अनुसार -
" भारत पिछले एक साल से पोलियो मुक्त है लेकिन नॉन पोलियो एक्यूट फ्लैसिड पैरालिसिस के मामलों में बहुत ज़्यादा वृद्धि देखी गई है। 2011 में एएफपी के 47,500 अतिरिक्त मामले हुए। चिकित्सकीय तौर पर पोलियो जैसी, लेकिन पोलियो से दोगुनी घातक और संक्रामक एएफपी के मामले बच्चों को दी गई ओरल पोलियो वैक्सीन के सीधे अनुपात में थे। हांलाकि यह आंकड़े पोलियो सर्विलांस सिस्टम द्वारा इकट्ठे किए गए थे लेकिन इनकी कभी विवेचना नहीं की गई।"
 ज़िन्दा पोलियो वायरस वाली ओरल पोलियो वैक्सीन के ज़रिए असंख्य बच्चो और बड़ों में वैक्सीन स्ट्रेन पोलियो पैदा हो रहा है। एक अनुमान के अनुसार, हर साल लगभग 180 भारतीय बच्चे वैक्सीन से जुड़े पोलियो पक्षाघात का शिकार बनते हैं।


क्या है ओरल पोलियो वैक्सीन (ओवीपी) और क्यों है यह खतरनाक

क्या आप जानते हैं कि जिस ओरल पोलियो वैक्सीन की खुराकें आप अपने बच्चों को नियमित तौर पर पिलाते हैं, उनमें है क्या...
दरअसल इन ओरल पोलियो वैक्सीन में 2002 में वैज्ञानिकों द्वारा प्रयोगशाला में बनाए गए कृत्रिम पोलियो वायरस को डाला जाता है। यह पोलियो वायरस शक्ति में प्राकृतिक पोलियो वायरस से कमज़ोर होता है लेकिन यह ज़िन्दा वायरस होता है। 
ओरल वैक्सीन से शरीर में पहुंचने के बाद यह ज़िन्दा पोलियो वायरस आपके गले में एक से दो हफ्ते रह सकता है और उसके बाद अगर यह मल के ज़रिए आपके शरीर से निकल जाता है तो उसमें भी यह दो महीने तक बना रह सकता है।
 भारत जैसे देशों में जहां सीवेज की व्यवस्था ठीक नहीं है, वहां मल के द्वारा निकले पोलियो वायरस का पानी को दूषित करना बहुत आसान होता है। यह आसानी से पानी के ज़रिए एक जगह से दूसरी जगह विचरता रहता है और अपने नए शिकार ढूंढ लेता है। और चूंकि यह लैब में बना कृत्रिम वायरस है इसका प्रभाव और ज्यादा घातक होता है।
पहले जहां इस बीमारी का संक्रमण उन बच्चों से होता था जिनको वैक्सीन नहीं लगी होती थी वहीं अब यह बीमारी उन बच्चों से फैल रही है जिनका ओरल पोलियो वैक्सीन पिलाकर टीकाकरण किया गया है।

अमेरिका रोक चुका है ओरल पोलियो वैक्सीन का प्रयोग

1991  में फेडरल सेंटर फॉर डिसीज कंट्रोल एंड प्रीवेन्शन (सीडीसी) ने प्रकाशित किया था कि जिन्दा वायरस वाली पोलियो वैक्सीन अमेरिका में पोलियो फैलने का मुख्य कारण बन चुकी है। 1979 से जितने भी पोलियो के मामले आए हैं वो सभी ओरल पोलियो वैक्सीन के कारण हुए हैं।  इसकी वजह से 540 मौते हुई और 6,364 लोगों को पोलियो घात का सामना करना पड़ा। इन रिपोर्ट्स के बाद ही वर्ष 2000 में अमेरिका के इम्यूनाइजेशन कार्यक्रम से ओरल पोलियो वैक्सीन को हटाया गया।

 ओवीपी के खतरों से वाकिफ होने के बाद लगभग 35 अन्य धनवान देशों ने भी अगले सालों में ओरल पोलियो वैक्सीन का इस्तमाल रोककर इनऐक्टिव पोलियो वैक्सीन(आईवीपी) का प्रयोग करना शुरू कर दिया।

आईवीपी में निष्क्रिय पोलियो वायरस होता है इसलिए इसके द्वारा दुबारा बीमारी फैलने का खतरा नहीं रहता। लेकिन चूंकि एक तो यह इंजेक्शन के ज़रिए दी जाने वाली वैक्सीन है और दूसरे यह ओरल पोलियो वैक्सीन से दोगुनी कीमत पर मिलती है इसलिए तीसरी दुनिया के देश या यूं कहिए की गरीब देश अभी भी सस्ती ओरल पोलियो वैक्सीन को ही टीकाकरण अभियान के तहत वितरित करते हैं।

वैसे भी एक बच्चे को इंजेक्शन लगाने से कहीं आसान है उसके मुंह में पोलियो वैक्सीन की दो बूंदे डालना। पर चूंकि इनमें जिन्दा वायरस होते हैं, इनसे हमेशा लोगों में वैक्सीन स्ट्रेन पोलियो होने का खतरा बना रहता है। खासतौर से उन लोगों में जिन्हें स्वास्थ्य समस्याएं हैं, जिनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता अच्छी नहीं या जो कुपोषण का शिकार हैं मतलब ऐसे लोगों में जिनकी संख्या भारत जैसे देशों में बहुत अधिक होती है।

खतरों के बावजूद ओरल पोलियो अभियान को प्रोत्साहित कर रही हैं वैश्विक स्वास्थ्य एजेंसिया

यह बेहद हैरानी की बात यह है कि ओवीपी से होने वाले खतरों और चिकित्सा समुदाय की चिंताओ के बावजूद पोलियो वैक्सीन उत्पादक और वैश्विक स्वास्थ्य एजेंसिया ओरल पोलियो वैक्सीन अभियान को और तेज़ी के साथ प्रोत्साहित करने में लगे हूए हैं। इसके ऊपर रोक लगाने के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे।

 बल्कि बिल एंड मेलिन्डा गेट्स फाउंडेशन द्वारा तो इसको तीसरे विश्व के देशों में और ज्यादा बढ़ावा दिया जा रहा है। आपको बता दें कि बिल गेट्स ने इस प्रोजेक्ट पर बहुत ज्यादा पैसा लगाया है। हांलाकि उनका कहना है कि वो पूरे विश्व से पोलियो को खत्म करना चाहते हैं लेकिन यह बात भी सोचने की हैं कि खुद उनके देश में ओवीपी का प्रयोग रोक दिए जाने के बावजूद खुद बिल गेट्स विकासशील देशों में ओरल पोलियो वैक्सीन के ही इस्तमाल के पक्षधर हैं।
उन्हीं की फाउंडेशन द्वारा 2011 में भारत में उच्च शक्ति की पोलियो वैक्सीन शुरू की गई थी जिसके बाद एएफपी के मामलों में बहुत ज़्यादा बढ़ोत्तरी हुई है।   

भारत में पोलियो टीकाकरण अभियान के अठारह साल- 

वैश्विक पोलियो मुक्त पहल (पोलियो ग्लोबल इरैडिकेशन इनीशिएटिव) की शुरूआत 1988 में विश्व स्वास्थ्य संगठन, रोटरी इंटरनेशनल, यूनिसेफ और अमेरिकी रोग नियंत्रण एवं रोक केन्द्र (सीडीसी) द्वारा की गई थी जिसके तहत विश्व भर में भारी पोलियो टीकाकरण अभियान चलाया गया। हांलाकि उस वक्त भारत में पोलियो का प्रकोप इतना ज़्यादा नहीं था लेकिन फिर भी भारत ने इस मुहिम में शामिल होने के लिए मंज़ूरी दी।
रिपोर्ट के अनुसार भारतीय सरकार ने पूरे भारत में 200 मिलियन घरों में 2.3 मिलियन पोलियो टीका लगाने वालों को भेजा जिसके तहत 5 साल या उससे कम उम्र के लगभग 170 मिलियन भारतीय बच्चों को पोलियो दवा पिलाई गई।
यह अभियान इस तेज़ी से यहां चलाया जा रहा है कि कई बार तो ज़रूरत से ज्यादा खुराकें बच्चों को दे दी जाती हैं। यहीं कारण है कि यहां पोलियो तो खत्म होने की कगार पर आ गया लेकिन पोलियो वैक्सीन के कारण प्रकट होने वाली एक्यूट फ्लैसिड पैरालिसिस जड़े जमाने लगी।

1952 में जब यह बीमारी अपने चरम पर थी तब इसने अमेरिका में 24,000 से ज्यादा लोगो को मारा या अपाहिज बना था लेकिन भारत में हुए पोलियो टीकाकरण अभियान ने तो सिर्फ साल 2011 में ही 47,500 लोगों को अपाहिज बना दिया या उनकी जान ले ली।

हमेशा चलता रहेगा पोलियो उन्मूलन अभियान
इंडियन जर्नल में छपी रिपोर्ट के अनुसार भले ही विश्व स्वास्थ्य संगठन और बिल गेट्स पोलियो को जड़ से समाप्त करने की मुहिम के लिेए विश्व भर से समर्थन जुटाने में लगे हैं लेकिन सच यह है कि पोलियो को जड़ से समाप्त करना असंभव है।
 2002 में वैज्ञानिक प्रयोगशाला में पोलियोवायरस बना चुके हैं। अब यह विलुप्त नहीं हो सकता क्योंकि इसके जीनोम का क्रम पता लगाया जा चुका है और इसे कभी भी प्रयोगशाला में तैयार किया जा सकता है। वास्तविकता यह है कि 18 साल पहले पोलियो को नष्ट करने के लिए शुरू किया गया यह अभियान किसी ना किसी रूप में हमेशा चलता रहेगा।



तकनीकी विकास से जुड़ा है हमारा क्रमिक विकास

भास्कर में छपा यह छोटा सा समाचार दरअसल विकास और संचार दोनों की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण है। तकनीक हमारी भाषा ही नहीं, आदतें, योग्यताएं,...